अधिक मास समाप्त होते ही विवाह समारोह की बढी रौनक
एक बार फिर सुनाई देगी शहनाईयों की गूंज

* जून माह में विवाह के कई शुभ मुहूर्त
चांदुर बाजार /दि.20 – अधिक मास के चलते पिछले एक महिने से तहसील में विवाह और अन्य शुभकार्यो को अस्थाई रुप से स्थगित रखा गया था. अब अधिक मास समाप्त हो चुका है और एक बार फिर शहनाईयों की गूंज सुनाई देने वाली है. जून माह में विवाह के कई शुभ मुहूर्त होने कारण पूरे तहसील क्षेत्र में शादी-ब्याह की तैयारियां जोर पकड चुकी है. बाजारों में भी खरीददारी के लिए लोगों की भीड बढने लगी है.
इस वर्ष मानसून के आगमन में देरी होने और पर्याप्त बारिश न होने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों की जुताई और बुआई का काम लगभग ठप पडा है. किसान बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे है. दूसरी ओर कृषि कार्य ठप होने से विवाह समारोह में बारिश या बुआई से जुडी कोई बाधा आने की संभावना फिलहाल नहीं दिखाई दे रही है. इसी खाली समय का लाभ उठाते हुए वर और वधू पक्ष विवाह तय करने से लेकर तैयारियों तक के सभी कार्य तेजी से पूरा कर रहे है.
विदित हो कि, बुआई के मौसम में प्रकृति का अपेक्षित साथ नहीं मिलने के बावजूद रुके हुए शुभ कार्यो को उत्साहपूर्वक संपन्न कराने के लिए चांदुर बाजार तहसील के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में काफी हलचल दिखाई दे रही है. अब तक जून माह में विवाह कराने के प्रति लोगों में कम रुचि रहती थी. बुआई के दिन और बारिश के कारण विवाह समारोह में आनेवाली संभावित परेशानियों को देखते हुए अधिकांश लोग मई माह से पहले ही विवाह संपन्न कराने की कोशिश करते थे. इसी कारण जून माह में बहुत कम शादियां होती थी. इस वर्ष भी जून माह में विवाह के मुहूर्त अपेक्षाकृत कम है. लेकिन बारिश में देरी और खरीफ फसलों की बुआई टलने के कारण विवाह समारोह बिना किसी बडी बाधा के अच्छी तरह संपन्न होने की संभावना है. इसी वजह से वर-बधु के परिजन फिलहाल संतोष व्यक्त कर रहे है.
* बाजारों में चहल-पहल बढी
एक माह के विराम के बाद अब अचानक विवाह समारोहों का दौर शुरु होने जा रहा है. जिसके चलते बाजारों में कपडा दुकानों, सराफा बाजार में चहल-पहल बढी है. मंगल कार्यालयों, कैटरिंग व्यवसायियों और बैंड-बाजे वालों की बुकिंग लगभग पूरी हो चुकी है. अधिक मास समाप्त होने के बाद रिश्तेदारों की मुलाकाते और पारंपरिक रस्मे पूरी कर लोग अब सीधे विवाह की तैयारियों में जुट गए है.