हेलमेट पहनने वाले वाहन चालकों का पुलिस ने किया सम्मान
ग्रामीण क्षेत्र में वाहन चालक करने लगे यातायात नियमों का पालन

चांदूर बाजार /दि.19– सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और दोपहिया वाहन चालकों में हेलमेट के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चांदूर बाजार पुलिस द्वारा एक सराहनीय पहल की गई. मोर्शी रोड पर हेलमेट पहनकर यात्रा करने वाले मोटरसाइकिल चालकों को पुलिस विभाग की ओर से पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया.
यह अभियान चांदूर बाजार पुलिस थाना प्रभारी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया. इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के महत्व के बारे में जानकारी दी तथा सुरक्षित यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि हेलमेट केवल नियमों का पालन करने के लिए नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में जीवन की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है. हेलमेट पहनने वाले चालकों को प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया, जिससे अन्य वाहन चालक भी प्रेरित हो सकें. इस अनोखी पहल को वाहन चालकों ने भी सराहा और भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प व्यक्त किया. पुलिस विभाग ने नागरिकों से हमेशा हेलमेट पहनकर ही दोपहिया वाहन चलाने तथा सुरक्षित यातायात संस्कृति को अपनाने की अपील की.





