बंद मकान से लाखों का माल चोरी
डेढ़ किलो सोना-चांदी और नकदी पर हाथ साफ

* परतवाडा शहर की घटना
परतवाड़ा /दि.22– शीतला माता क्षेत्र में एक बंद मकान को निशाना बनाकर चोरों ने करीब डेढ़ किलो सोना-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली. चोरी की कुल कीमत बाजार भाव के अनुसार लगभग 14 से 15 लाख रुपये बताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार, मनकाय मधुकर धांडेकर अपने पति के इलाज के लिए परिवार सहित अस्पताल में थीं. इसी दौरान 19 जून की रात से 20 जून की सुबह के बीच अज्ञात चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया. चोरों ने घर में रखे सोने-चांदी के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया तथा सामान को अस्त-व्यस्त कर दिया. सुबह घर लौटने पर परिवार को चोरी की घटना का पता चला. चोर गेहूं के डिब्बे में छिपाकर रखी नकदी भी ले गए. चोरी हुए सामान में लगभग 78 ग्राम सोने के आभूषण, 1 किलो 370 ग्राम चांदी के गहने तथा 36 हजार 500 रुपये नकद शामिल हैं.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 21 जून को संजय उर्फ नंदू मधुकर कवले (30), निवासी जुनीवस्ती कांडली, को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया गया है. क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से नागरिकों में चिंता का माहौल है. पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत देने की अपील की है.





