प्रधानमंत्री की फोटो पर क्लिक करना पड़ा भारी

महिला के खाते से उड़ाए 1.01 लाख रुपये

अंजनगांव सुर्जी/दि.22 – साइबर ठगों ने फेसबुक पर प्रधानमंत्री की फोटो का इस्तेमाल कर एक महिला को अपने जाल में फंसा लिया और उसके बैंक खाते से 1 लाख 1 हजार 151 रुपये निकाल लिए. इस मामले में रहीमापुर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, कॉटन वैली क्षेत्र निवासी नसीम परवीन की बेटी ने 15 अप्रैल को फेसबुक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक फोटो देखी. उत्सुकतावश उसने फोटो पर क्लिक किया. इसके कुछ समय बाद उसके बैंक खाते से 1 लाख 490 रुपये कट गए. परिवार इस कटौती को लेकर चिंतित था. इसी बीच 20 अप्रैल को एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया. उसने खुद को एसबीआई बैंक का कर्मचारी बताते हुए कहा कि यदि पैसे वापस चाहिए तो व्हाट्सएप पर आने वाली रिक्वेस्ट को स्वीकार करना होगा. ठग की बातों पर भरोसा कर युवती ने व्हाट्सएप रिक्वेस्ट स्वीकार कर ली. इसके तुरंत बाद उसके एसबीआई खाते से दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 49 हजार 968 रुपये और 49 हजार 693 रुपये निकाल लिए गए. इस तरह कुल 1 लाख 1 हजार 151 रुपये की ठगी हो गई. ठगी का एहसास होने पर नसीम परवीन ने रहीमापुर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक चंदा पवार कर रही हैं.

* साइबर सुरक्षा के लिए सावधानियां
– सोशल मीडिया पर किसी भी संदिग्ध लिंक या फोटो पर क्लिक न करें.
– बैंक, यूपीआई या केवाईसी के नाम पर आने वाले कॉल पर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें.
– व्हाट्सएप, एसएमएस या ईमेल पर आने वाली अज्ञात रिक्वेस्ट स्वीकार न करें.
– खाते से अनधिकृत लेन-देन होने पर तुरंत बैंक और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें.
– किसी भी ऐप को रिमोट एक्सेस या स्क्रीन शेयरिंग की अनुमति देने से पहले पूरी तरह जांच करें.

Back to top button