‘अरुणोदय’ में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

अमरावती/दि. 22- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर वी.एम.वी. परिसर स्थित अरुणोदय इंग्लिश स्कूल एवं जूनियर कॉलेज ऑफ साइंस, हर्षराज कॉलोनी, अमरावती में उत्साहपूर्वक योग दिवस मनाया गया. इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से योगासन कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया.
कार्यक्रम का आयोजन अरुणोदय शिक्षण संस्था के अध्यक्ष डॉ. वसंत लुंगे पाटील के मार्गदर्शन में किया गया. कार्यक्रम में संस्था की सचिव डॉ. भारती लुंगे पाटील, माइक्रोबायोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. प्रमोद भिसे, पी.डी.एम.सी. के शारीरिक शिक्षा निदेशक डॉ. संजय वाटाणे तथा डॉ. वृषाली देशमुख प्रमुख रूप से उपस्थित थे. इस समय विद्यालय की योग शिक्षिका सुषमा झाड़े ने विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया. उन्होंने नियमित योगाभ्यास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली के लिए भी अत्यंत आवश्यक है.
इस अवसर पर अरुणोदय जूनियर कॉलेज की प्राचार्या विशाखा नाफड़े, उपप्राचार्या सीमा कुठे, अरुणोदय इंग्लिश स्कूल की मुख्याध्यापिका शिल्पा पाजनकर, उपमुख्याध्यापिका नीता कालमेघ सहित शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे. कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक योगासन प्रस्तुत किए तथा नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया. आयोजकों ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और स्वस्थ, तनावमुक्त जीवन के लिए इसका नियमित अभ्यास आवश्यक है.

Back to top button