वलगांव में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

अमरावती/दि. 22- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर वलगांव स्थित पवित्र संत गाडगेबाबा आश्रम में सामूहिक योग साधना कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में किया गया. कार्यक्रम का आयोजन भारतीय जनता पार्टी अमरावती जिला ग्रामीण तथा पतंजलि योग समिति, वलगांव के संयुक्त तत्वावधान में किया गया. योग शिविर में अमरावती जिला ग्रामीण भाजपा के अध्यक्ष रविराज देशमुख प्रमुख रूप से उपस्थित रहे. उनके साथ भाजपा तालुका संगठन महामंत्री मनोज खवड, राजेश्वर निस्ताने सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित थे. सभी ने सामूहिक रूप से योगासन एवं प्राणायाम कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया.
कार्यक्रम के दौरान पतंजलि योग समिति के प्रशिक्षकों ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया तथा योग और प्राणायाम के वैज्ञानिक एवं स्वास्थ्यवर्धक लाभों की जानकारी दी. प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक क्षमता बढ़ती है, मानसिक तनाव कम होता है तथा व्यक्ति स्वस्थ और संतुलित जीवन जी सकता है. इस अवसर पर संबोधित करते हुए जिला ग्रामीण भाजपा अध्यक्ष रविराज देशमुख ने कहा कि योग भारत की विश्व को दी गई अमूल्य धरोहर है. आज पूरी दुनिया योग के महत्व को स्वीकार कर रही है. उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में बढ़ते तनाव, अनियमित दिनचर्या और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए.
कार्यक्रम में उपस्थित सभी नागरिकों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से करो योग, रहो निरोग का संकल्प लिया. योगाभ्यास के दौरान आश्रम परिसर में उत्साह, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला. अंत में आयोजकों ने सभी उपस्थित योग साधकों का आभार व्यक्त करते हुए नियमित योगाभ्यास अपनाने और स्वस्थ समाज निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया.

Back to top button