घर में अवैध रूप से रखी विदेशी शराब जब्त
अमरावती क्राइम ब्रांच की कार्रवाई

अमरावती/दि.23– शहर में अवैध शराब बिक्री और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अमरावती सिटी क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति के घर से बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है. पुलिस ने आरोपी विपिन बुंदेल (38) को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है.
पुलिस आयुक्त राकेश ओला के निर्देश पर क्राइम ब्रांच की टीम अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ विशेष अभियान चला रही है. इसी दौरान रविवार को पेट्रोलिंग कर रही टीम को गोपनीय सूचना मिली कि मोहन नगर, नवसारी निवासी विपिन बुंदेले ने अपने घर में भारी मात्रा में विदेशी शराब का स्टॉक जमा कर रखा है. सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने मोहन नगर स्थित घर पर छापा मारा. तलाशी के दौरान घर से रॉयल स्टैग कंपनी की 180 एमएल क्षमता वाली 150 बोतलें बरामद की गईं. जब्त शराब की कुल कीमत 37 हजार 500 रुपये बताई गई है. पुलिस ने आरोपी विपिन रमेश बुंदेले (38) को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ गाडगे नगर पुलिस थाने में महाराष्ट्र शराबबंदी अधिनियम की धारा 65 (ई) के तहत मामला दर्ज किया है.
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके, श्याम घुगे, रमेश धुमाल तथा सहायक पुलिस आयुक्त शिवाजी बचाटे के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच के पुलिस निरीक्षक अतुल वर के नेतृत्व में की गई. कार्रवाई में महेश इंगोले, गजानन सोनुने सहित क्राइम ब्रांच की टीम के कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने सहभाग लिया. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध शराब कारोबार और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.





