जिले के आधे से अधिक खाली हुए सभी 56 जलाशय
39.30 प्रतिशत ही जलसंचय, मानसून की प्रगति पर टिकी नजरें

अमरावती/दि.23– इस वर्ष जून माह के अंतिम सप्ताह तक भी मानसून सक्रिय नहीं हुआ. जिससे जिले के बडे, मध्यम और लघु सभी 56 जलाशय आधे खाली हुए. सिंचाई विभाग की रविवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार जिले के जलाशयों में वर्तमान में कुल क्षमता से केवल 39.30 प्रतिशत जलसंचय शेष है. ऐसे में अब किसानों और प्रशासन की नजरे आगामी मानसून की प्रगति पर टिकी हुई है.
रिपोर्ट के अनुसार जिले के एकमात्र बडे प्रकल्प अप्पर वर्धा बांध में 43.40 प्रतिशत जल भंडारण उपलब्ध है. वहीं सात मध्यम प्रकल्पों में औसतन 37.36 प्रतिशत व 48 लघु प्रकल्पों में 31.32 प्रतिशत जलसंग्रह है. मध्यम प्रकल्पों में चंद्रभागा बांध में सर्वाधिक 75.88 प्रतिशत जल उपलब्ध है, जबकि गडगा प्रकल्प पूरी तरह खाली हो चुका है. अन्य प्रमुख प्रकल्पों में पूर्णा, सपन, शहानूर और पांढरी बांध में भी जलस्तर सामान्य से कम बना हुआ है.
* पिछले वर्ष की तुलना में कम पानी
पिछले वर्ष इस अवधि में जिले के जलाशयों में 41.56 प्रतिशत जल भंडारण था. जो इस वर्ष घटकर 39.30 प्रतिशत रह गया है.





