जिला कारागृह के लिए 120 एकड़ भूमि मंजूर
पालकमंत्री भोयर के प्रयास सफल

वर्धा /दि.23– जिले के पुराने ब्रिटिशकालीन जिला कारागार के स्थानांतरण के बाद नए और आधुनिक कारागार के निर्माण के लिए इंझापुर क्षेत्र में 120 एकड़ भूमि मंजूर कर दी गई है. इस महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी दिलाने में जिले के पालकमंत्री डॉ. पंकज भोयर के लगातार प्रयासों की अहम भूमिका रही है.
वर्तमान जिला कारागार में पुरुष बंदियों की क्षमता 325 तथा महिला बंदियों की क्षमता मात्र 10 है. भविष्य की बढ़ती आवश्यकताओं को देखते हुए अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नए जिला कारागार की मांग लंबे समय से की जा रही थी. इस विषय को पालकमंत्री डॉ. पंकज भोयर ने लगातार राज्य सरकार के समक्ष उठाया, जिसके बाद सरकार ने सकारात्मक निर्णय लिया.
पालकमंत्री भोयर ने बताया कि देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली राज्य सरकार तथा चंद्रशेखर बावनकुले के सहयोग से नए कारागार के लिए भूमि उपलब्ध कराई गई है. उन्होंने कहा कि भूमि मंजूरी मिलने के बाद अब कारागार निर्माण की प्रक्रिया को जल्द गति दी जाएगी. उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जिले के लिए फॉरेंसिक लैब तथा आधुनिक प्रशिक्षण केंद्र को भी मंजूरी प्रदान की गई है, जिससे कानून-व्यवस्था और अपराध जांच व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी.





