‘बी’ स्टेटस के बावजूद विकास से कोसों दूर संत गुलाबराव महाराज संस्थान
महाराज के नाम पर विकास योजना मंजूर करने की मांग

* लोणी (टाकली) के ग्रामवासियों व भक्तों ने उठाई आवाज
नांदगांव खंडेश्वर/दि.23 – सरकार द्वारा ‘बी’ दर्जा प्रदान किए जाने के बावजूद जगद्गुरु, प्रज्ञाचक्षु संत गुलाबराव महाराज की जन्मस्थली श्रीक्षेत्र लोणी (टाकली) अपेक्षित विकास से वंचित है. इस स्थिति को लेकर स्थानीय नागरिकों एवं भक्तों में नाराजगी व्याप्त है.
संत गुलाबराव महाराज के विचार, साहित्य और आध्यात्मिक कार्य आज भी लाखों श्रद्धालुओं को प्रेरित करते हैं, लेकिन उनकी जन्मभूमि पर मूलभूत सुविधाओं एवं विकास कार्यों का अभाव दिखाई देता है. मंदिर परिसर के जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण, श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं तथा तीर्थस्थल विकास योजना को तत्काल लागू करने की मांग जोर पकड़ रही है. ग्रामवासियों ने मांग की है कि लोणी (टाकली) स्थित संत गुलाबराव महाराज के निवास स्थान का संरक्षण एवं विकास किया जाए तथा उनके नाम पर विशेष विकास योजना को मंजूरी दी जाए. साथ ही संत स्मृति को संरक्षित रखने के उद्देश्य से लगभग 10 एकड़ भूमि पर रोज गार्डन एवं पर्यटन परियोजना विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा गया है.
प्रस्तावित परियोजना में संत साहित्य अध्ययन केंद्र, ध्यान केंद्र, पुस्तकालय, उद्यान तथा श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न सुविधाएं विकसित करने की योजना है. इस मांग को लेकर संस्थान के अध्यक्ष विनय देशमुख, उपाध्यक्ष दीपक बोबड़े, सचिव अशोक सवाई तथा सदस्य किशोर राऊत, गोरखनाथ कडू, सचिन गायगोले, जितेंद्र शिंदे और प्रवीण सवाई लगातार प्रयासरत हैं तथा शासन स्तर पर कार्रवाई कर रहे हैं. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब संत गुलाबराव महाराज का कार्य वैश्विक स्तर पर पहुंच चुका है, तब उनकी जन्मभूमि का सर्वांगीण विकास समय की मांग है. भक्तों ने मंदिर जीर्णोद्धार, रोज गार्डन परियोजना तथा तीर्थक्षेत्र विकास के लिए विशेष निधि उपलब्ध कराने की मांग की है.
* क्या मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस संत गुलाबराव महाराज की जन्मभूमि का दौरा करेंगे?
राज्य स्तर पर संत गुलाबराव महाराज जयंती मनाने के महाराष्ट्र सरकार के ऐतिहासिक निर्णय के बाद श्रीक्षेत्र लोणी (टाकली) पूरे राज्य में चर्चा का विषय बन गया है. इस निर्णय से संत गुलाबराव महाराज के साहित्य, दर्शन और कार्यों के प्रति नई रुचि उत्पन्न हुई है. इसी पृष्ठभूमि में जानकारी सामने आई है कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस 6 जुलाई को श्रीक्षेत्र लोणी (टाकली) का दौरा कर सकते हैं. हाल ही में मंत्रालय में हुई सद्भावना भेंट के दौरान मुख्यमंत्री के साथ संत गुलाबराव महाराज के साहित्य, दर्शन और राज्यस्तरीय जयंती समारोह के आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई. यह जानकारी संत गुलाबराव महाराज साहित्य प्रचार अभियान के प्रमुख माधुर्य ठाकरे ने दी. यदि मुख्यमंत्री का प्रस्तावित दौरा निश्चित होता है, तो इससे संत की जन्मभूमि के विकास को नई गति मिलेगी तथा राज्यभर के श्रद्धालुओं का ध्यान श्रीक्षेत्र लोणी (टाकली) की ओर आकर्षित होगा.
संत गुलाबराव महाराज संस्थान के सचिव अशोक सवाई ने कहा, राज्य सरकार द्वारा संत गुलाबराव महाराज की जयंती राज्यस्तर पर मनाने का निर्णय जन्मभूमि के लिए गौरव की बात है. मुख्यमंत्री का संभावित दौरा श्रीक्षेत्र के विकास को नई दिशा देगा. संत गुलाबराव महाराज साहित्य प्रचार अभियान के माधुर्य ठाकरे ने कहा, संत गुलाबराव महाराज के दर्शन, साहित्य और समाजोपयोगी कार्यों को राज्य के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाने के लिए विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं. सरकार का यह निर्णय संत के कार्यों का सम्मान है और मुख्यमंत्री का संभावित दौरा जयंती समारोह को ऐतिहासिक आयाम प्रदान करेगा.





