अन्नाभाऊ साठे नगर में दो गुटों के बीच पथराव

कबूतरों की दौड़ को लेकर विवाद, भारी तनाव

* शांति सुव्यवस्था बनाए रखने पुलिस का तगडा बंदोबस्त
अकोला /दि.23- शहर के अन्नाभाऊ साठे नगर क्षेत्र में रविवार रात कबूतरों की दौड़ को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक रूप ले बैठा. दो गुटों के बीच हुई कहासुनी बाद में पथराव में बदल गई, जिससे इलाके में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया.
जानकारी के अनुसार, अकोट फाइल पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अन्नाभाऊ साठे नगर में दोपहर के समय एक कबूतर को लेकर दोनों गुटों के बीच मामूली विवाद हुआ था. मामला उस समय शांत हो गया, लेकिन रात करीब 11 बजे दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए और विवाद बढ़ते हुए पत्थरबाजी तक पहुंच गया. घटना की सूचना मिलते ही अकोट फाइल पुलिस, स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) तथा आरसीपी के जवान तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया. हालात की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, शहर उपविभागीय पुलिस अधिकारी सुदर्शन पाटिल तथा स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक नितिन लेवरकर ने भी घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया.
पुलिस ने मामले में शामिल आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और क्षेत्र में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. साथ ही नागरिकों से शांति बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करने की अपील की गई है. पुलिस प्रशासन ने कहा है कि यदि किसी को कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल डायल 112 पर संपर्क करें. प्रशासन ने नागरिकों से भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का आह्वान किया है.

Back to top button