हेलमेट नहीं तो कार्रवाई तय

अमरावती ग्रामीण में आज से सख्त अभियान शुरू

* वर्ष 2025 में 312 लोगों की गई जान
* अधिकांश मौतें हेलमेट न पहनने से हुईं
अमरावती/दि.23 – अमरावती ग्रामीण जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और दोपहिया वाहन चालकों की मौतों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने हेलमेट को लेकर सख्त रुख अपनाया है. वर्ष 2025 के दौरान जिले में कुल 519 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 290 दुर्घटनाएं जानलेवा साबित हुईं. इन हादसों में 312 लोगों की मौत हुई. पुलिस के आंकड़ों के अनुसार लगभग 70 प्रतिशत घातक दुर्घटनाओं में मोटरसाइकिल चालक शामिल थे तथा अधिकांश मौतें हेलमेट नहीं पहनने के कारण सिर में गंभीर चोट लगने से हुईं.
* पुलिस अधीक्षक ने जारी किया था जागरूकता नोटिस
दोपहिया वाहन चालकों की मृत्यु दर कम करने के उद्देश्य से अमरावती ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने 9 जून को जिले में हेलमेट पहनना अनिवार्य करने संबंधी सूचना जारी की थी. इस संबंध में समाचार पत्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक जनजागृति अभियान चलाया गया. इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक द्वारा हेलमेट के महत्व को दर्शाने वाला वीडियो भी प्रसारित किया गया और नागरिकों से दोपहिया वाहन चलाते समय तथा पीछे बैठने वाले यात्रियों को भी हेलमेट पहनने की अपील की गई.
* हेलमेट नहीं पहनने वालों का किया गया स्वागत
22 जून को अमरावती ग्रामीण जिले के 31 पुलिस थानों के प्रभारी अधिकारियों और पुलिस कर्मियों ने एक अनोखा जनजागृति अभियान चलाया. इस दौरान हेलमेट नहीं पहनने वाले लगभग 5 हजार दोपहिया वाहन चालकों का माला पहनाकर स्वागत किया गया तथा उन्हें हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया.
* आज से होगी दंडात्मक कार्रवाई
लगातार जागरूकता अभियान चलाने के बावजूद अपेक्षित सुधार नहीं होने पर पुलिस प्रशासन ने अब सख्ती बरतने का निर्णय लिया है. 23 जून से अमरावती ग्रामीण पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने जिले के सभी पुलिस थाना प्रभारियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को हेलमेट नहीं पहनने वाले दोपहिया वाहन चालकों तथा पीछे बैठने वाले यात्रियों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं.
* नागरिकों से नियमों का पालन करने की अपील
पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने और अपनी तथा अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है. पुलिस प्रशासन का मानना है कि हेलमेट के नियमित उपयोग से सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों की संख्या में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है.

Back to top button