विधि हरि पुरवार का ‘उत्कृष्ट स्वयंसेविका’ पुरस्कार के लिए चयन

कल विशेष समारोह में कुलगुरु के हस्ते किया जाएगा सम्मान

अमरावती/दि.23 – स्थानीय श्री शिवाजी कृषि महाविद्यालय की छात्रा कु. विधि हरि पुरवार का डॉ. पंजाबराव देशमुख कृषि विश्वविद्यालय, अकोला अंतर्गत ‘उत्कृष्ट स्वयंसेविका’ पुरस्कार के लिए चयन किए जाने की अधिकृत घोषणा विश्वविद्यालय की ओर से की गई है. जिसमें कल 24 जून को विद्यापीठ द्वारा आयोजित विशेष समारोह में कुलगुरु के हस्ते विधि को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान कर सम्मान किया जाएगा. राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) अंतर्गत विविध सामाजिक कार्यो में सक्रिय सहभाग लेकर सतत समाजोपयोगी कार्य करने पर यह सम्मान दिया जाता है.
विधि पुरवार ने महाविद्यालय के तथा विद्यापीठ के विविध उपक्रमों में सतत सहभाग लिया और उसने ग्रामीण क्षेत्र में जाकर वहां के लोगों में विविध विषयों पर सामाजिक जनजागृति निर्माण करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. जिसमें ‘एड्स जनजागृति’ मुहिम में उसका सक्रिय सहभाग उल्लेखनीय रहा. इसी के साथ पशु रोगनिदान शिविर, बाल रोगनिदान और रक्तदान शिविर में भी विधि का महत्वपूर्ण योगदान रहा. इसमें विशेष यह है कि, पंजाब के राजपुरा में संपन्न हुए ‘राष्ट्रीय सेवा एकात्मता शिविर’ में उत्कृष्ट कार्य कर प्रतिनिधित्व करनेवाली टीम का भी उसने सफल नेतृत्व किया.
विधि ने अपनी सफलता पर राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दीपक पाडेकर व डॉ. नंदकिशोर खंडारे का विशेष आभार माना. डॉ. पाडेकर के सतत मार्गदर्शन की वजह से उसने यह सफलता प्राप्त की है, ऐसा कहा व श्री शिवाजी कृषि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. समीर लांडे, विद्यापीठ विद्यार्थी कल्याण अधिकारी एवं विद्यापीठ समन्वयक (रासेयो), डॉ. एस. एस. हाडोले और मंजुश्री देशमुख की ओर से प्राप्त हुए मार्गदर्शन को लेकर उसने कृतज्ञता व्यक्त की. विधि की इस सफलता पर महाविद्यालय व्यवस्थापन, प्राचार्य, प्राध्यापक और सभी विद्यार्थी तथा मित्रों ने अभिनंदन कर शुभकामना दी.

Back to top button