मेलघाट के काटकून डोब में डूबे अमरावती के युवक का शव बरामद
9 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन

* गोताखोरों की कड़ी मशक्कत के बाद मिला शव
अमरावती/मेलघाट /दि.23- मेलघाट क्षेत्र के प्रसिद्ध काटकून पानी डोब में डूबे अमरावती शहर के हैदरपुरा निवासी 23 वर्षीय युवक शेख कलीम का शव सोमवार देर रात लंबी खोजबीन के बाद बरामद कर लिया गया. युवक के पानी में डूबने की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और बचाव दल ने संयुक्त रूप से व्यापक स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया था. लगभग 8 से 9 घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद गोताखोरों को सफलता मिली.
जानकारी के अनुसार, शेख कलीम अपने साथियों के साथ मेलघाट क्षेत्र स्थित काटकून पानी डोब घूमने गया था. दोपहर के समय वह पानी में उतरा, लेकिन अचानक गहरे पानी में जाने के कारण डूब गया. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी. युवक के डूबने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और बचाव दल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे. गोताखोरों की मदद से पानी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. डोब की गहराई और पानी के तेज बहाव के कारण बचाव कार्य में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा.
* 9 घंटे की तलाश के बाद मिला शव
लगातार 8 से 9 घंटे तक चले सघन खोज अभियान के बाद गोताखोरों ने देर रात युवक का शव पानी से बाहर निकाला. शव मिलने की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया. घटनास्थल पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं.
* पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर कानूनी प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अमरावती भेज दिया गया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है. शेख कलीम की असामयिक मृत्यु से हैदरपुरा और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है. युवक के परिवार और परिचितों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. स्थानीय नागरिकों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है.
* पुलिस कर रही है जांच
पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं.





