हम सब भोले की संतान है, माहेश्वरी नाम है…

भगवान महेश का जयकारा लगाते हुए निकली भव्य शोभायात्रा

* महेश नवमी पर्व पर माहेश्वरी पंचायत का आयोजन
* हजारों की संख्या में समाजबंधु रहे उपस्थित
अमरावती /दि.24– महेश नवमी पर्व पर हम सब भोले की संतान हैं, माहेश्वरी नाम हैं, इस प्रकार से भगवान महेश का जयकारा लगाते हुए महेश नवमी पर्व पर भव्य शोभायात्रा माहेश्वरी पंचायत की ओर से निकाली गई. जिसमें हजारों की संख्या में समाजबंधु, महिलाएं, युवक, युवतियां शामिल हुई. भगवान महेश का गुणगान करते हुए शहर के विविध मार्गो से शोभायात्रा निकली.
स्थानीय धनराज लेन स्थित माहेश्वरी भवन परिसर के राधाकृष्ण मंदिर में मंगलवार 23 जून की शाम 6 बजे भगवान उमा-महेश की शोभायात्रा का आयोजन किया गया. इस अवसर पर समाज के सरपंच सुरेश साबू व पंचायत के पदाधिकारियों के हाथों सर्वप्रथम भगवान महेश की विधि-विधान से रथ पर स्थापना कर पूजा-अर्चना की गई और उसके पश्चात माहेश्वरी भवन परिसर से बर्तन बाजार, जवाहर गेट, सरोज चौक, जयस्तंभ चौक, श्याम चौक, राजकमल चौक, गांधी चौक, टांगा चौक, जवाहर गेट से होते हुए शोभायात्रा महेश भवन परिसर में पहुंची, जहां शोभायात्रा का समापन किया गया.
उल्लेखनीय है कि, शोभायात्रा में इस साल चार बुलेट सवार समाजबंधुओं ने सभी को अपनी ओर आकर्षित किया. बुजुर्ग और बच्चों ने बुलेट पर सवारी कर तीन पीढियों के मेल का दर्शन कराया. शोभायात्रा का जयस्तंभ चौक तथा राजकमल चौक पर जमकर आतिषबाजी कर स्वागत किया गया. समाज के विविध वर्गों ने शोभायात्रा में सहभागी माहेश्वरी समाजबंधुओं को प्रसादी का वितरण कर उन्हें महेश नवमी की शुभकामनाएं दी. राजकमल चौक से पहले दुग्धपूर्णा के सामने शहर के प्रथम नागरिक महापौर श्रीचंद तेजवानी, उपमहापौर सचिन भेंडे, पार्षद आशीष अतकरे, प्रीति रेवणे, प्रा. प्रशांत वानखडे, महेश मुलचंदानी, युवा स्वाभिमान पार्टी के मार्गदर्शक सुनील राणा, पार्षद दीपक साहू ने शोभायात्रा का स्वागत व सम्मान कर भेंट स्वरुप प्रसादी का वितरण किया. साथ ही सुनील राणा व उपमहापौर सचिन भेंडे ने भगवान महेश की प्रतिमा को पुष्पमाला अर्पित कर आशीर्वाद लिया.

उसी प्रकार राजकमल चौक पर मनपा प्रतिपक्ष नेता विलास इंगोले, पार्षद डॉ. संजय शिरभाते, राजू भेले, सुरेश रतावा ने भगवान महेश की विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की. शोभायात्रा के समापन के पश्चात राधाकृष्ण मंदिर में सामूहिक महाआरती की गई और उसके बाद सभी के लिए भोजन प्रसादी का भी आयोजन किया गया था. करीब पांच हजार से अधिक समाजबंधुओं ने भोजन प्रसादी का लाभ लिया. मंगलवार को सुबह राधाकृष्ण मंदिर में भगवान उमा-महेश का अभिषेक किया गया और उसके बाद आरती व महाप्रसादी के समारोह के यजमान सीताराम राठी परिवार (अंबाडा) की ओर से प्रसादी का वितरण किया गया. इस वर्ष भी समाज के जो विद्यार्थी सीए बने उन विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया. उन्हें माहेश्वरी पंचायत के सरपंच सुरेश साबू, महासचिव संजयकुमार राठी, विजयकुमार चांडक, विनोद डागा के हस्ते स्मृतिचिन्ह व पुष्पगुच्छ प्रदान कर सम्मानित किया गया. इन विद्यार्थियों में सीए समृद्धि मुंधडा, सीए हर्षा सचिन मुंधडा, सीए मधुरा नावंदर, सीए धरा राजेश राठी का समावेश रहा.

* राजेश गैस सर्विस एवं डागा परिवार ने किया जूस का वितरण
महेश नवमी के पावन पर्व पर माहेश्वरी समाज एवं माहेश्वरी पंचायत द्वारा निकाली गई शोभायात्रा का स्वागत राजेश गैस सर्विस एवं डागा परिवार की ओर से किया गया. इस अवसर पर रैली में शामिल समाजबंधुओं का स्वागत करते हुए शीतल फ्रूट जूस का वितरण किया गया. इस सेवा कार्य में पुष्कर डागा, सरलादेवी डागा, राजेश डागा, कमलेश डागा, आदित्य डागा, ध्रुव डागा, नीता डागा सहित डागा परिवार के सदस्य तथा राजेश गैस सर्विस की टीम ने सहकार्य किया. इस अवसर पर डागा परिवार ने कहा कि, महेश नवमी का पर्व समाज की गौरवशाली परंपरा, एकता एवं सेवाभाव का प्रतीक है.

* राजकमल चौक पर भाजपा व प्रणित सोनी मित्र परिवार ने किया स्वागत
राजकमल चौक पर भाजपा एवं प्रणित सोनी मित्र परिवार की ओर से शोभायात्रा व माहेश्वरी समाजबंधुओं का गर्मजोशी के साथ स्वागत कर चॉकलेट का वितरण किया. इस अवसर पर महापौर श्रीचंद तेजवानी, पार्षद आशीष अतकरे, भूषण हरकुट, महेश तापडिया, भूषण वैष्णव, प्रकल्प चांडक, आशा मालानी, आशीष चांडक, कौशल सारडा, अंकित चांडक, मोहित सारडा, पवन कलंत्री, शुभम कलंत्री, सूरज भूतडा, दर्शन सोनी, अमन दोडके, हर्षल कडवे, आदित्य राठी ने भी उपस्थित रहकर स्वागत एवं सम्मान किया.

Back to top button