भाजपा नेता किरीट सोमैया की दहशत, हरकत में आया प्रशासन

पेंडींग दाखिलों की जानकारी इकठ्ठा करने जुटे अधिकारी-कर्मचारी

अमरावती/दि.25 – कुछ दिनों पहले भाजपा नेता तथा पूर्व सांसद किरीट सोमैया के महानगर पालिका में आगमन पर जमकर विवाद हुआ था. यह मामला अब भी सुलझा नहीं है और मनपा में सोमैया की उस बैठक की ओर हंगामे की चर्चा जारी है. ऐसे में फिर एक बार भाजपा नेता किरीट सोमैया शहर के दौरे पर पहुंच रहे है. जिसके चलते मनपा प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो चुका है. पिछली बैठक में किरीट सोमैया द्वारा मनपा प्रशासन से जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र संबंध में मांगी गई जानकारी इकठ्ठा करने के लिए मनपा आयुक्त वर्षा लढ्ढा के आदेश पर जन्म-मृत्यु विभाग में 10 अधिकारी, कर्मचारी दिन-रात एक कर तमाम पेंडींग दाखिलों की जानकारी इकठ्ठा करने में जुट गए है.
जानकारी जुटाते समय इन अधिकारी-कर्मचारियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए बाकायदा मनपा आयुक्त के निर्देश पर मुख्य जन्म-मृत्यु विभाग के कार्यालय में कामकाज न करते हुए मनपा के ही सिटी पैलेस में अलग से विभाग तैयार किया गया है. जहां मंगलवार 23 जून से 10 अधिकारी-कर्मचारी सुबह से लेकर शाम तक पेंडींग दाखिलों की जानकारी इकठ्ठा करने में जुटे हुए है. प्रशासन द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक किरीट सोमैया फिर से अमरावती मनपा में पहुंच रहे है. जिसके लिए उनके आगमन से पूर्व संपूर्ण शिकायतें, जानकारी इकठ्ठा करने में मनपा प्रशासन जुट चुका है. बुधवार 24 जून को ही जन्म-मृत्यु विभाग में यह जानकारी इकठ्ठा करने के लिए पांच ठेका पद्धति पर कार्यरत महिला कर्मचारियों की सिटी पैलेस कार्यालय में नियुक्ति की गई है. आगामी सोमवार को सोमैया का मनपा में आगमन हो सकता है.

Back to top button