अमरावती में महंगे हुए मक्का और मूंगफली, फिर भी खरीदारी जारी

अमरावती /दि.26– जिले में मानसून की शुरुआत के साथ बाजारों में मक्का, मूंगफली और हरे खीरे की आवक शुरू हो गई है. हालांकि इस बार इन उत्पादों के दाम पिछले वर्षों की तुलना में अधिक हैं, फिर भी पौष्टिकता और स्वाद के कारण लोग इन्हें खरीदने में रुचि दिखा रहे हैं.
बाजार में इस समय स्वीट कॉर्न के तीन भुट्टे 60 रुपये और साधारण मक्का के तीन भुट्टे 50 से 70 रुपये तक बिक रहे हैं. वहीं, मूंगफली 100 से 120 रुपये प्रति किलो के भाव पर उपलब्ध है. हरे खीरे की कीमत भी 60 से 80 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है. व्यापारियों के अनुसार, मौसम की शुरुआत में आवक कम होने और दूसरे राज्यों से माल मंगाने के कारण कीमतें बढ़ी हुई हैं. होलसेल व्यापारी दिलीप वाथ ने बताया कि स्वीट कॉर्न और साधारण मक्का मुख्य रूप से मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा से लाया जा रहा है, जबकि मूंगफली गुजरात से आ रही है. सीमित आपूर्ति के कारण खुदरा बाजार में कीमतें ऊंची बनी हुई हैं.
आहार विशेषज्ञ डॉ. उज्ज्वला ढेवले के अनुसार मक्का फाइबर और कार्बोहाइड्रेट का अच्छा स्रोत है, जबकि मूंगफली में प्रोटीन और स्वस्थ वसा प्रचुर मात्रा में होती है. मानसून के मौसम में हरा खीरा शरीर में पानी की कमी पूरी करने में मदद करता है और स्वास्थ्य के लिए लाभदायक माना जाता है.
उन्होंने बताया कि भुना हुआ मक्का पाचन के लिए अच्छा होता है. मूंगफली प्रोटीन का अच्छा स्रोत है, लेकिन हृदय रोगियों को सीमित मात्रा में इसका सेवन करना चाहिए. खीरा लगभग सभी लोगों के लिए लाभदायक है. मधुमेह (डायबिटीज) के मरीजों को स्वीट कॉर्न कम मात्रा में खाना चाहिए क्योंकि इसमें प्राकृतिक शर्करा अधिक होती है. उनके लिए साधारण मक्का बेहतर विकल्प हो सकता है.

* समय से पहले बाजार में उपलब्ध
पहले जहां मक्का, मूंगफली और खीरा केवल मानसून के चरम मौसम में उपलब्ध होते थे, वहीं अब देश के विभिन्न हिस्सों में होने वाली खेती और बेहतर परिवहन व्यवस्था के कारण ये उत्पाद मौसम शुरू होने से पहले ही बाजारों में पहुंचने लगे हैं. इसी वजह से उपभोक्ताओं को समय से पहले इन मौसमी खाद्य पदार्थों का स्वाद मिल रहा है, भले ही इसके लिए उन्हें अधिक कीमत चुकानी पड़ रही हो.

Back to top button