आरटीओ कर्मचारियों की हड़ताल स्थगित के बाद हुई आभार सभा

परिवहन मंत्री से सफल वार्ता के बाद कर्मचारियों ने जताया आभार

अमरावती/दि.26- महाराष्ट्र मोटर वाहन विभाग (आरटीओ) कर्मचारी संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल मानकर के नेतृत्व में गुरुवार को अमरावती क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय में आभार सभा का आयोजन किया गया. यह सभा परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक के साथ लंबित मांगों पर हुई सकारात्मक चर्चा और सफल समझौते के बाद आयोजित की गई. हड़ताल स्थगित होने के बाद कर्मचारियों ने पुनः कामकाज शुरू करते हुए मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया.
राज्यभर के आरटीओ कर्मचारी अपनी वर्षों से लंबित मांगों को लेकर 16 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर थे. इससे पहले 2 जून को उग्र प्रदर्शन तथा 9 जून को एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल भी की गई थी, लेकिन मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होने के कारण आंदोलन तेज किया गया. लगातार आठ दिनों तक चले आंदोलन को राज्यभर में कर्मचारियों का व्यापक समर्थन मिला. अमरावती आरटीओ कार्यालय में भी प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला अध्यक्ष अनिल मानकर के नेतृत्व में कर्मचारियों ने अभी नहीं तो कभी नहीं का नारा बुलंद करते हुए आंदोलन को सफल बनाया. आंदोलन के दौरान 31 विधायक एवं सांसदों ने भी परिवहन मंत्री को ज्ञापन देकर कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया. 23 जून को मंत्रालय में परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की. बैठक में पदोन्नति, प्रतिनियुक्ति, सेवांतर्गत आश्वासित प्रगति योजना (एसीपी), पदनाम परिवर्तन सहित अन्य लंबित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई. मंत्री ने पदोन्नति संबंधी मामलों का समाधान दो दिनों में करने तथा अन्य मांगों पर भी शीघ्र कर्मचारी हित में निर्णय लेने का आश्वासन दिया. साथ ही आगामी मानसून सत्र में इन निर्णयों की औपचारिक घोषणा किए जाने की बात भी कही.
इसी आश्वासन के बाद कर्मचारी संघ ने हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया. गुरुवार को आयोजित आभार सभा में कर्मचारियों ने एक-दूसरे को गुलाब का फूल भेंट कर संगठन की एकजुटता बनाए रखने का संकल्प लिया. हड़ताल समाप्त होने के बाद सभी कर्मचारियों ने अपने-अपने दायित्व संभालते हुए कार्यालयीन कामकाज फिर से शुरू किया और नागरिकों को बेहतर एवं तेज़ सेवाएं देने का भरोसा दिलाया. इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल मानकर ने राज्यभर के आंदोलन में सहभागी सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ने उनकी मांगों के प्रति सकारात्मक रुख अपनाया है. उन्होंने उम्मीद जताई कि पदोन्नति, प्रतिनियुक्ति, एसीपी योजना तथा अन्य लंबित मांगों पर भी शीघ्र ठोस निर्णय लिए जाएंगे. कर्मचारियों ने प्रशासन को आश्वासन लागू करने के लिए उचित समय देने पर भी सहमति व्यक्त की.

Back to top button