अमरावती में नकली पनीर-खोवा गायब, असली के भाव बढे
एफडीए की सख्ती का असर

* होटल, रेस्टारेंट और ढाबों पर पनीर नदारद
अमरावती /दि.27- खाद्य एवं औषधि प्रशासन की मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई का असर अब बाजार में दिखाई देने लगा है. जिले के कई होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों से संदिग्ध पनीर तथा खोवा से बने उत्पाद लगभग गायब हो गए हैं. वहीं असली पनीर और खोवा की मांग बढ़ने से इनके दाम 20 से 30 रुपये प्रति किलो तक बढ़ गए हैं.
व्यापारियों और ग्राहकों का कहना है कि एफडीए की सख्ती के बाद नकली डेयरी उत्पादों की आपूर्ति लगभग थम गई है, जिससे शुद्ध उत्पादों की मांग बढ़ी है और कीमतों में भी इजाफा हुआ है. संयुक्त आयुक्त खाद्य प्रशासन विनय चव्हाण ने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट और प्रतिबंधित गुटखे के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है. उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने नागरिकों से अपील की कि संदिग्ध खाद्य पदार्थों की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें.
* मिलावट के खिलाफ अभियान तेज
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने पूरे राज्य में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है. पिछले कुछ सप्ताह में कई स्थानों पर नकली पनीर, सिंथेटिक दूध, नकली खोवा और अन्य मिलावटी डेयरी उत्पाद जब्त किए गए हैं. प्रशासन का मानना है कि इस कार्रवाई से बाजार में मिलावटी डेयरी उत्पादों की उपलब्धता में उल्लेखनीय कमी आएगी.
* दो महीने में 2.70 लाख रुपये का माल जब्त
एफडीए के अनुसार, पिछले दो महीनों में जिले के छह स्थानों पर कार्रवाई करते हुए लगभग 2.70 लाख रुपये मूल्य के मिलावटी डेयरी उत्पाद जब्त किए गए. अभियान लगातार जारी है.
* एनालॉग चीज़ की जानकारी देना जरूरी
एफडीए के दिशा-निर्देशों के अनुसार, यदि किसी होटल या रेस्टोरेंट में एनालॉग चीज़ (दूध के बजाय वनस्पति वसा या अन्य सामग्री से तैयार उत्पाद) का उपयोग किया जाता है, तो इसकी स्पष्ट जानकारी ग्राहकों को देना अनिवार्य है. हालांकि जिले के कई प्रतिष्ठानों में इस नियम का पालन नहीं किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं.
* नकली पनीर की पहचान कैसे करें?
– पनीर को पानी में उबालने पर यदि वह असामान्य रूप से सख्त रहे या रबर जैसा लगे, तो उसमें मिलावट की आशंका हो सकती है.
– पनीर पर आयोडीन डालने से यदि उसका रंग नीला या काला हो जाए, तो उसमें स्टार्च या आटे की मिलावट हो सकती है.
– हाथ से दबाने पर यदि पनीर रबर की तरह खिंचे या अस्वाभाविक रूप से टूटे, तो वह सिंथेटिक या मिलावटी हो सकता है.





