अमरावती ग्रामीण पुलिस के शिकायत निवारण दिवस पर 203 शिकायतों का निपटारा

एसपी निकेतन कदम सरमसपुरा थाने में रहे मौजूद, किया निरीक्षण

अमरावती/दि.27– अमरावती ग्रामीण के जिला पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के निर्देश पर जिले के सभी पुलिस थानों में प्रत्येक शनिवार शिकायत निवारण दिवस आयोजित किया जाएगा. इस पहल का उद्देश्य नागरिकों की शिकायतों का त्वरित समाधान करना और पुलिस-जन संवाद को मजबूत बनाना है. शनिवार को आयोजित इस शिकायत निवारण दिवस पर कुल 203 मामलो का निपटारा किया गया.
शनिवार 27 जून को आयोजित पहले शिकायत निवारण दिवस के दौरान पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने सरमसपुरा पुलिस थाने का निरीक्षण किया, जबकि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़ चांदूर बाजार पुलिस थाने में मौजूद रहे. संबंधित उपविभागीय पुलिस अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के पुलिस थानों में उपस्थित रहे तथा सभी थाना प्रभारियों ने नागरिकों की शिकायतें सुनकर उनके तत्काल निवारण की प्रक्रिया शुरू की.इस दौरान अमरावती ग्रामीण के सभी पुलिस थानों में प्राप्त कुल 203 शिकायतों का समाधान किया गया. पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रत्येक शनिवार आयोजित होने वाले शिकायत निवारण दिवस में अपने संबंधित पुलिस थाने पहुंचकर अपनी समस्याएं और शिकायतें दर्ज कराएं, ताकि उनका समयबद्ध और प्रभावी समाधान किया जा सके.

 

Back to top button