0 से 5 वर्ष के बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक
अमरावती में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को मिला उत्साहपूर्ण प्रतिसाद

अमरावती /दि.29– भारत को पोलियो मुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के तहत रविवार को अमरावती महानगरपालिका क्षेत्र में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान उत्साह और सुव्यवस्थित ढंग से चलाया गया. अभियान के दौरान 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के प्रत्येक बच्चे तक पोलियो रोधी वैक्सीन की दो बूंदें पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया.
शहर के सभी शहरी स्वास्थ्य केंद्रों, पोलियो बूथों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, सार्वजनिक स्थलों तथा विशेष मोबाइल टीमों के माध्यम से बच्चों का टीकाकरण किया गया. इसके अलावा जिन बच्चों का बूथों तक पहुंचना संभव नहीं था, उनके घर-घर जाकर भी पोलियो की खुराक पिलाई गई. प्रवासी परिवारों, निर्माण श्रमिकों, ईंट-भट्ठों, झुग्गी बस्तियों तथा घुमंतू समुदायों के बच्चों के लिए विशेष व्यवस्था की गई. अभियान का शुभारंभ महापौर श्रीचंद तेजवानी, विधायक सुलभा खोडके, पूर्व पालकमंत्री यशोमती ठाकुर तथा मनपा आयुक्त वर्षा लढ्ढा ने बच्चों को पोलियो की दो बूंदें पिलाकर किया. इस दौरान सभागृह नेता चेतन गावंडे, गटनेता नाना आमले तथा नगरसेवकों ने विभिन्न पोलियो केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अभिभावकों को प्रत्येक बच्चे का टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित किया.
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2014 में भारत को विश्व स्वास्थ्य संगठन ने पोलियो मुक्त देश घोषित किया था, लेकिन दुनिया के कुछ देशों में अब भी पोलियो वायरस मौजूद है. अंतरराष्ट्रीय यात्रा और प्रवास के कारण इसके दोबारा फैलने की आशंका को देखते हुए प्रत्येक राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान में सभी बच्चों का टीकाकरण आवश्यक है. मनपा प्रशासन ने अभियान के लिए चिकित्सा अधिकारियों, नर्सों, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी सेविकाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं और अन्य विभागों के कर्मचारियों की सेवाएं लीं. सभी टीकाकरण केंद्रों पर पर्याप्त दवाइयां, मानव संसाधन और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं तथा वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरे अभियान की लगातार निगरानी की.
महापौर श्रीचंद तेजवानी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक अभिभावक को इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए. विधायक सुलभा खोडके और मनपा आयुक्त वर्षा लढ्ढा ने भी सभी अभिभावकों से अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंदें अवश्य पिलाने का आग्रह किया. इस अभियान में चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विशाल काले, डॉ. स्वाती कोवे, डॉ. संदीप पाटबागे, डॉ. फिरोज खान सहित 13 शहरी स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सा अधिकारी, स्टाफ नर्स, स्वास्थ्य सेवक एवं अन्य कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.
* 77 प्रतिशत बच्चों का हुआ टीकाकरण
राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान के तहत रविवार को अमरावती महानगरपालिका क्षेत्र में 67,107 लक्षित बच्चों में से 51,865 बच्चों को पोलियो रोधी वैक्सीन की दो बूंद पिलाई गई. इस प्रकार एक ही दिन में कुल 77 प्रतिशत बच्चों का टीकाकरण सफलतापूर्वक पूरा किया गया. मनपा प्रशासन ने अपील की है कि जिन पात्र बच्चों का अभी तक टीकाकरण नहीं हो पाया है, उनके अभिभावक अपने पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच से वंचित न रहे. प्रशासन ने बताया कि अभियान के अगले चरण में स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर शेष बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी. राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने में स्वास्थ्य कर्मियों, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी सेविकाओं तथा स्वयंसेवी संस्थाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है.





