नागपुर में फर्जी एनकाउंटर नहीं होगा, लेकिन अपराधियों को नहीं छोड़ेंगे
नए पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल की कडी चेतावनी

नागपुर/दि.29 – आईपीएस अधिकारी विश्वास नांगरे पाटिल ने सोमवार को नागपुर के नए पुलिस आयुक्त के रूप में पदभार संभाल लिया. कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नागपुर में फर्जी एनकाउंटर नहीं होगा, लेकिन अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा भी नहीं जाएगा. कानून के दायरे में रहकर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
पत्रकारों से बातचीत में नांगरे पाटिल ने कहा कि उनके कंधों पर लगा आईपीएस का बैज केवल दिखावे के लिए नहीं, बल्कि जनसेवा, संविधान और मानवीय मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी. उन्होंने कहा कि शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा और ड्रग्स तस्करों की कमर कानून के दायरे में रहकर तोड़ी जाएगी. युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएंगे.
नए पुलिस आयुक्त ने बताया कि वे पुणे, मुंबई या नागपुर जैसे किसी संस्थागत पुलिस आयुक्तालय में काम करना चाहते थे. मुख्यमंत्री ने उन्हें नागपुर की जिम्मेदारी देकर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने के लिए वे दिन-रात काम करेंगे. रात्रि गश्त को अपनी प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि शहर के हर इलाके का स्वयं दौरा करेंगे और जनसंख्या तथा क्षेत्र की आवश्यकता के अनुसार पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि निर्भया कांड के बाद मुंबई में गठित ‘निर्भया पथक’ की तर्ज पर नागपुर में भी महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा. पुलिस बल के संबंध में उन्होंने सख्त संदेश देते हुए कहा, पुलिस विभाग का हर कर्मचारी मेरे परिवार का हिस्सा है. पुलिसकर्मियों पर हाथ उठाना मेरे ऊपर हाथ उठाने जैसा है. पुलिस के साथ किसी भी प्रकार का अभद्र व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.