चांगापुर में जल्द बनेगा दूसरा रेलवे अंडरपास
आने व जाने के लिए दो अंडरपास की रहेगी व्यवस्था

* सांसद डॉ. अनिल बोंडे के निवास पर हुई रेलवे अधिकारियों की बैठक
* बैठक में रेलवे अधिकारियों के सामने सांसद बोंडे के रखे गए प्रस्ताव को किया स्वीकार
* अमरावती व बडनेरा सहित अन्य रेलवे स्टेशनों पर जरूरी व्यवस्थाओं के बारे में भी हुआ विमर्श
अमरावती/दि.29 – समिपस्थ श्री क्षेत्र चांगापुर में रेलवे क्रॉसिंग को बंद करते हुए रेल प्रशासन द्वारा बनाया गया रेलवे अंडरपास पूरी तरह से त्रृटि पूर्ण है. यहां से आने-जाने में लोगों को काफी हद तक परेशानी का सामना भी करना पडता है. ऐसे में यह जरूरी है कि चांगापुर में रेलवे पटरी के निचे एक और रेलवे अंडरपास बनाया जाए तथा दोनों ओर से आने-जाने हेतु स्वतंत्र अंडरपास की व्यवस्था हो. इस आशय का प्रस्ताव राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल बोंडे द्वारा मध्य रेलवे के अधिकारियों के सामने रखा गया. जिसे रेलवे अधिकारियों ने आगे की प्रक्रिया व कार्रवाई के लिए अपने स्तर पर स्वीकार भी किया. जिसके चलते यह उम्मीद बंधती नजर आ रही है कि चांगापुर में बहुत जल्द एक और नया रेलवे अंडरपास बनकर तैयार होगा.
बता दे कि सांसद डॉ. अनिल बोंडे ने आज अपने आवास पर ही मध्य रेलवे के कुछ अधिकारियों को बैठक हेतु बुलाया था. इस बैठक के दौरान सांसद अनिल बोंडे ने मध्य रेलवे के अधिकारियों के सामने चांगापुर रेलवे अंडरपास सहित अकोली, राजापेठ, नवाथे व गोपालनगर रेलवे अंडरपास की वजह से होनेवाली परेशानियों और दिक्कतों को सामने रखने के साथ ही अमरावती व बडनेरा रेलवे स्टेशन से नया अमरावती, अकोला, नांदुरा व शेगाव रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के लिहाज से आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के बारे में चर्चा एवं विचार-विमर्श करते हुए आवश्यक दिशानिर्देश जारी किए.
इस समय सांसद डॉ. अनिल बोंडे ने रेलवे अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि चांगापुर में हमेशा ही चांगापुर नरेश हनुमान मंदिर की ओर आने-जाने वाले श्रध्दालुओं की भारी भीड लगी रहती है. जिसके चलते इस रास्ते का वाहनों की अच्छी-खासी आवाजाही होती है. जिसे ध्यान में रखते हुए चांगापुर रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे ओव्हरब्रिज या अंडरपास का निर्माण किया जाना चाहिए था. परंतु ऐसा करने की बजाय रेलवे द्वारा चांगापुर रेलवे क्रॉसिंग पर बेहद छोटे व संकरे रेलवे अंडरपास निर्माण किया गया है. जहां से एक समय पर आमने-सामने से होकर गुजरनेवाले दो वाहन नहीं निकल सकते. साथ ही हाल ही में हुई बारिश के दौरान इस रेलवे अंडरपास में अच्छा-खासा पानी भी भर गया था. लगभग यही स्थिति शहर के अन्य क्षेत्रों में स्थित अंडरपास में भी रही. जहां से बारीश का पानी निकालने हेतु काफी मशक्कत और मेहनत करनी पडी. इस बात की ओर रेलवे अधिकारियों द्वारा ध्यान दिए जाने की जरूरत है.
इसके साथ ही सांसद डॉ. अनिल बोंडे ने चांगापुर रेलवे अंडरपास के समानांतर दूसरा रेलवे अंडरपास बनाने की मांग करते हुए कहा कि सभी रेलवे अंडरपास में सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरों व लाईटिंग की व्यवस्था होनी चाहिए. साथ ही साथ सांसद डॉ. अनिल बोंडे ने अमरावती, नया अमरावती व बडनेरा सहित मुर्तिजापुर, अकोला, नांदुरा व शेगाव रेलवे स्टेशनों पर एसकेलेटर, प्रतिक्षालय, सीसीटीवी कैमरे व लाईटिंग सहित यात्रियों के लिहाज से हर जरूरी सुविधा उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र में अमृत भारत अभियान को गतिमान करने के संदर्भ में आवश्यक निर्देश भी जारी किए गए.
* अमरावती मंडल व आपली मातृभूमि का नाम गूंजा बैठक में
* संपादक अनिल अग्रवाल से जारी बैठक में ऑनलाईन लिए गए सुझाव
विशेष उल्लेखनिय है कि चांगापुर रेलवे अंडरपास का निर्माण तकनिकी रूप से गलत रहने तथा इस रेलवे अंडरपास के चलते आगे चलकर भारी परेशानी होने की बात को ध्यान में रखते हुए दैनिक अमरावती मंडल एवं आपली मातृभूमि ने काफी पहले ही विस्तृत समाचारों की श्रृंखला प्रकाशित की थी तथा सांसद डॉ. अनिल बोंडे व मध्य रेलवे के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर जमिनी हकिकत से अवगत भी कराया था. साथ ही संपादक अनिल अग्रवाल ने उस समय सांसद अनिल बोंडे सहित मध्य रेलवे के अधिकारियों के समक्ष कुछ जरूरी सुझाव भी रखे थे. इस बात को याद रखते हुए सांसद डॉ. अनिल बोंडे ने आज उनके निवासस्थान पर हुई बैठक के दौरान दैनिक अमरावती मंडल व आपली मातृभूमि में प्रकाशित खबरों का विशेष तौर पर उल्लेख किया. साथ ही जारी बैठक के दौरान संपादक अनिल अग्रवाल को फोन लगाते हुए इस संदर्भ में उनके आवश्यक सुझाव भी मांगे. जिनसे रेलवे के अधिकारियों को बैठक में ही अवगत कराया गया. संपादक अनिल अग्रवाल द्वारा दिए गए सुझावों से रेलवे के अधिकारी काफी हदतक प्रभावित और सहमत भी नजर आए.





