चायनीज की गाडी लगाने के विवाद से युवक पर जानलेवा हमला
अज्ञात हमलावरों ने सिर पर किये वार

* फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र की घटना
अमरावती/दि.1 – शहर के फ्रेजरपुरा क्षेत्र में आने वाले चमन शाहवली परिसर में चायनीज की गाडी लगाने को लेकर उपजे विवाद में युवक पर तीक्ष्ण हथियार से अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में युवक गंभीर रुप से घायल हो गया. जख्मी युवक का नाम मो. इलीयास मो. अयास (32) है. उसे स्थानीय जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है. जहां उस पर उपचार जारी है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरु कर दी है.
जानकारी के मुताबिक चायनीज गाडी लगाने के कारण पर से मोहम्मद इलीयास के साथ कुछ अज्ञात लोगों ने विवाद शुरु कर दिया. विवाद इस कदर बढ गया कि, अज्ञात आरोपियों ने संतप्त होकर मो. इलीयास पर तीक्ष्ण हथियार से हमला कर दिया. हमलावरों ने मो. इलीयास के सिर पर वार किये. जिसमें वह गंभीर रुप से घायल हो गया. हमले के बाद आरोपी वहां से भाग गये. पश्चात नागरिकों ने जख्मी युवक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया. जहां उस पर उपचार जारी है. घटना की जानकारी मिलते ही फ्रेजरपुरा पुलिस का दल तत्काल घटनास्थल पहुंचा. हमलावरों तक पहुंचने के लिए फ्रेजरपुरा पुलिस ने परिसर के सीसीटीवी फूटेज खंगालना शुरु किया है. मामले की जांच पुलिस आगे कर रही है.





