वटपूर्णिमा पर मायके आना विवाहिता को पडा भारी

11.5 तोला सोने के आभूषण गायब, भाई-भाभी पर जताया संदेह

पुणे/दि.3- वटपूर्णिमा पर्व पर मायके आई एक 26 वर्षीय महिला के सोने के आभूषण रहस्यमय ढंग से गायब होने का मामला सामने आया है. महिला ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए अपने सगे भाई और भाभी पर संदेह व्यक्त किया है. घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है. पुलिस के अनुसार वाघोली निवासी 26 वर्षीय महिला वटपूर्णिमा के अवसर पर पेरणे फाटा स्थित अपने मायके आई थी. मायके पहुंचने के बाद उसने लगभग साढ़े ग्यारह तोला सोने के आभूषण एक पर्स में रखकर बेडरूम में कपाट के पास सुरक्षित रख दिए थे. दिनभर परिवार के सदस्यों के साथ समय बिताने के बाद जब महिला ने रात में अपनी पर्स की जांच की, तो उसमें रखे सभी आभूषण गायब मिले. अचानक आभूषणों के गायब होने से महिला के होश उड़ गए और उसने तुरंत इसकी जानकारी परिवार के लोगों को दी.
महिला का कहना है कि इस दौरान घर में कोई बाहरी व्यक्ति नहीं आया था. इसी कारण उसने अपने सगे भाई और भाभी पर संदेह व्यक्त करते हुए पुलिस से जांच की मांग की है. मामले की शिकायत मिलने के बाद लोणीकंद पुलिस थाना में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है. पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और घर के सदस्यों से पूछताछ भी की जा रही है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविकता सामने आ सकेगी. फिलहाल आभूषणों की तलाश और मामले की जांच जारी है.

Back to top button