सडक किनारे सूखे झाड बन सकते हैं हादसों की वजह

तेज आंधी तूफान की वजह से कभी भी गिरने की संभावना

अमरावती/दि.4- शहर के मुख्य व अंतर्गत रास्तों के किनारें कई स्थानों पर पेडों के सूखे हुए तने खडे हैं. जो बारिश के मौसम दौरान कभी भी अपने स्थान से उखडकर नीचे गिर सकते हैं. जिसके चलते ऐसे सूखे पेडों की वजह से कभी भी कोई बडा हादसा घटित हो सकता है तथा जानोमाल का कोई बडा नुकसान होने की पूरी संभावना भी बनी हुई है. इसके बावजूद मनपा प्रशासन द्बारा शहर में अलग-अलग स्थानों पर सडकों के किनारे स्थित ऐसे सूखे पेडों को हटाने की ओर जबर्दस्त अनदेखी की जा रही है.
बता दें कि शहर के बेहद भीडभाड वाले इलाकों मेें प्रमुख सडकों के किनारे कई वर्ष पुराने रहनेवाले वृक्ष पूरी तरह से सूख चुके है और उनके सूखे हुए ठूंठ भी कंकाल की तरह खडे हैं. परंतु मनपा के उद्यान अथवा संबंधित विभागों द्बारा इन सूखे हुए पेडों को तोडकर हटाने को लेकर कोई गंभीरता नहीं दिखाई जा रही. वहीं अब बारिश का मौसम शुरू हो गया है तथा आये दिन तेज आंधी तूफान वाली स्थिति भी बनती है. ऐसे में इन सूखें हुए पेडों के कभी भी उखडकर गिर जाने की संभावना बनी रहती है.

* आखिर कब ध्यान देगा मनपा प्रशासन
शहर में अलग-अलग स्थानों पर सडकों किनारे सूखे हुए पेडों के तने काफी उंचे है. जिनकी मोटाई भी अच्छी खासी है. ऐसे में तेज आंधी तूफान की वजह से इन पेडों के टूटकर गिरने पर कोई बडा हादसा निश्चित तौर पर घटित हो सकता है. जिसे देखते हुए मनपा प्रशासन द्बारा शहर में अलग-अलग स्थानों पर स्थित ऐसे सूखे पेडों की गिनती करते हुए उन्हें जमीदोज करने हेतु आवश्यक कदम उठाए जाने की सख्त जरूरत है. जिसके चलते नागरिकों द्बारा अब यह सवाल उपस्थित किया जा रहा है कि आखिर मनपा प्रशासन द्बारा ऐसे सूखे पेडों को तोडकर हटाने का काम कब किया जायेगा.

* भीडभाड वाले मार्गो पर बडा खतरा
बारिश के मौसम दौरान कई बार तेज आंधी तूफान वाली स्थिति भी बनती है. ऐसे समय सूखकर कमजोर हुए पेड अपनी जगह से उखडकर गिर सकते हैं. शहर के मुख्य व्यापारिक क्षेत्रों व रिहायशी इलाकों सहित स्कूलों व कॉलेजों के आसपास स्थित सडकों के किनारे ऐसे वृक्षों की संख्या काफी अधिक है. जिनके अचानक ही टूटकर गिर जाने पर कोई बहुत बडा हादसा घटित हो सकता है. ऐसे में अमरावतीवासियों द्बारा यह सवाल पूछा जा रहा है कि क्या कोई बडा हादसा घटित होने के बाद ही मनपा प्रशासन की नींद खुलेगी.
– शहर के इर्विन चौक में पेट्रोल पंप के सामने वाले मुख्य मार्ग तथा महिला महाविद्यालय के सामने लगभग यही स्थिति है. इसके अलावा जिला मध्यवर्ती बैंक व राजेश्वरी स्कूल के सामने रोड डिवायडर पर भी सूखा हुआा झाड खडा है. आयएमए हॉल, एसपी कार्यालय का प्रवेशद्बार, चपरासीपुरा, विमलाबाई देशमुख सभागार की सुरक्षा दीवार तथा शिवाजी चौक आदि परिसरों में भी सूखे हुए पेडों के उंचे-उंचे ठूंठ खडे हैं. जिनके कभी भी गिरने की पूरी संभावना बनी हुई है.

Back to top button