कार व मोटरसाइकिल की टक्कर में एक की मौत, दूसरा गंभीर रुप से घायल
परतवाडा-बैतूल रोड की घटना, फरार कार चालक नामजद

परतवाडा/दि.6– परतवाडा-बैतूल रोड पर एचपी पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार और लापरवाही से चली आ रही एक अज्ञात कार ने मोटरसाइकिल को सामने से जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण सडक दुर्घटना में एक किसान की उपचार के दौरान मौत हो गई. जबकि उसका साथी गंभीर रुप से घायल हो गया. पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार अर्जुनसिंह मंगलसिंह धुर्वे (38, भैसदेही, जि. बैतूल, मध्य प्रदेश) अपने साथी चंद्रकिशोर पाटिल के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक एमएच-27/बीआर-224 से चिचठाणा से परतवाडा की ओर जा रहा था. शाम करीब 6 बजे एचपी पेट्रोल पंप के सामने विपरित दिशा से तेजगति से आ रही एक अज्ञात कार ने उसकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि, दोनों सडक पर गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गए.
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान अर्जुनसिंह धुर्वे की मौत हो गई. वहीं चंद्रकिशोर पाटिल का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है. पीडित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ तेजगति व लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना करने व अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर फरार वाहन चालक और कार की तलाश में जुट गई है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है.





