सेवानिवृत्ति पर सहायक शिक्षक देवानंद पाटिल का सम्मान

अमरावती/दि.7- सुरेशबाबा विद्यालय, फुबगांव के सहायक शिक्षक देवानंद भजनदास पाटिल के सेवानिवृत्त होने के अवसर पर अमरावती स्थित यश पैलेस में सम्मान समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता एस. यू. फुलझेले ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में प्रो. जगदीश गोवर्धन, अनिल वानखड़े एवं प्रा. सीमा मेश्राम उपस्थित रहे.
अपने अध्यक्षीय संबोधन में एस. यू. फुलझेले ने कहा कि आंबेडकरी आंदोलन ईमानदार और समर्पित कार्यकर्ताओं के कारण निरंतर गतिशील बना हुआ है. इस अवसर पर प्रा. जगदीश गोवर्धन, अनिल वानखड़े तथा प्रा. सीमा मेश्राम ने देवानंद पाटिल के शैक्षणिक, सामाजिक और वैचारिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए उनके कार्यों की सराहना की. सम्मान के उत्तर में देवानंद पाटिल ने कहा कि वे भगवान बुद्ध, महात्मा फुले, छत्रपति शाहू महाराज और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों से प्रेरणा लेकर मानवतावादी सोच के प्रचार-प्रसार का कार्य आगे भी जारी रखेंगे. कार्यक्रम में परिवर्तनवादी आंबेडकरी साहित्य सम्मेलन के मुख्य संयोजक एवं शब्दास्त्र प्रमुख प्रवीण कांबले, संयोजक विद्रोही अविनाश गोंडाणे, पद्माकर मांडवधरे, सिद्धार्थ गोंडाणे तथा अनिल पाटिल ने देवानंद पाटिल एवं उनकी धर्मपत्नी का शाल, श्रीफल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया. उपस्थित अतिथियों और नागरिकों ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. कार्यक्रम का प्रस्तावना प्रशांत भोयर ने प्रस्तुत किया. संचालन अरुण भोयर ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन शशांक पाटिल ने किया. समारोह में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं समाजबंधु उपस्थित रहे.





