पुरानी रंजिश में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला

आरोपी कुछ घंटों में गिरफ्तार, घायल की हालत गंभीर

* बडनेरा के कवठा बहाड़े गांव की घटना, जांच जारी
अमरावती/दि.7- बडनेरा पुलिस थाना क्षेत्र के कवठा बहाड़े गांव में पुराने विवाद के चलते एक व्यक्ति पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है. हमले में गंभीर रूप से घायल अविनाश मेश्राम नामक व्यक्ति का अस्पताल में उपचार जारी है. घटना के बाद बडनेरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुनिल लोंढासे को कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कवठा बहाड़े निवासी सुनील लोंढासे (50) और गांव के ही अविनाश अशोकराव मेश्राम (33) के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था. इसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपी अविनाश ने सुनील लोंढासे पर चाकू से हमला कर दिया. आरोपी ने उनके पेट पर वार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार जारी है.
घटना की सूचना मिलते ही बडनेरा पुलिस सक्रिय हो गई. थाना प्रभारी के मार्गदर्शन में डीबी (डिटेक्शन ब्रांच) टीम ने तकनीकी जानकारी एवं मुखबिरों के नेटवर्क की सहायता से आरोपी की तलाश शुरू की. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी अविनाश अशोकराव मेश्राम को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की इस कार्रवाई में डीबी टीम के सुधीर पंढके, निलेश गुल्हाने, वचन पंडित, मोहम्मद समीर तथा रितेश चव्हाण ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है और हमले के कारणों तथा अन्य पहलुओं की गहन जांच की जा रही है. घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल रहा, हालांकि पुलिस की तत्पर कार्रवाई से स्थिति नियंत्रण में है.

Back to top button