जादूटोने के शक में एक ही परिवार के चार लोगों पर जानलेवा हमला

चंद्रपुर/नागभीड़/दि.19 – चंद्रपुर जिले के पाहार्णी गांव में जादूटोने के शक में एक ही परिवार के चार लोगों पर लाठी और ईंटों से जानलेवा हमला किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है. आरोपियों का कहना था कि जादूटोने के कारण उनकी पत्नी और बहू की तबीयत खराब रहती है. मामले में नागभीड़ पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है. पुलिस के अनुसार, पाहार्णी निवासी सुमित्रा सेलोकर, उनके पति सुकाजी, बेटे किशोर और बहू सुनीता रविवार (16 अगस्त) सुबह करीब 11 बजे घर में मौजूद थे. इसी दौरान आरोपी रविंद्र भाजीपाले, पवन भाजीपाले, पवन की पत्नी, उसकी मां और तीन अन्य लोग लाठियां लेकर उनके घर के आंगन में घुस आए.
आरोपियों ने सेलोकर परिवार पर जादूटोना करने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी. उनका आरोप था कि जादूटोने के कारण उनकी बहू ने विष प्राशन किया है. विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने सुमित्रा और सुकाजी के सिर व कंधे पर लाठियों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया. बीच-बचाव करने पहुंची बहू सुनीता के साथ भी मारपीट की गई. आरोप है कि आरोपियों ने किशोर को पकड़ लिया और पवन भाजीपाले ने उसके माथे पर ईंट से वार किया. जान बचाने के लिए पीड़ित परिवार घर के अंदर भागा, लेकिन आरोपी रविंद्र भाजीपाले भी घर में घुस गया और सुमित्रा का गला दबाने का प्रयास किया.
* 112 पर फोन कर मांगी मदद
हमले के दौरान किशोर ने तत्काल 112 हेल्पलाइन पर फोन कर पुलिस से मदद मांगी. पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंचते ही आरोपी वहां से फरार हो गए. पुलिस ने सभी घायलों को नागभीड़ ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई. पीड़िता की शिकायत के आधार पर नागभीड़ पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र जादूटोना बंदी व निर्मूलन अधिनियम, 2013 की धारा 3 (2) के साथ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 118 (1), 189 (2), 190, 191 (2), 296, 333 और 351 (3) के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.

Back to top button