राजकमल रेलवे ब्रिज बंद हुए एक वर्ष पूर्ण
शहर में यातायात के बजे बारह

* इर्विन-मालवीय चौक और पंचवटी-शेगांव नाका रोड जाम
* बढते वाहनों के साथ-साथ महत्वपूर्ण ब्रिज बंद रहना भी कारण
* पुलिस के सामने यातायात सुचारु रखने का चैलेंज
अमरावती/दि.19 – शहर की लाइफ लाइन कहे जाते राजकमल रेलवे ब्रिज बंद हुए अब साल हो रहा है. गत वर्ष 24 अगस्त को अचानक दुपहिया की भी आवाजाही उक्त ब्रिज से रोक दी गई थी. फिर पैदल भी कोई न जाने पाए, इसके लिए दीवारे भी अचानक खडी कर दी गई थी. इस प्रमुख मार्ग के बंद हो जाने से शहर का बिगडा यातायात आज तक लाइन पर नहीं आया है. खासकर इर्विन-मालवीय चौक सडक और पंचवटी-शेगांवा नाका मार्ग पूरे दिन भारी यातायात से युक्त हो रहा है. वाहन चालकों की परेशानी बढ गई है. इन मार्गो से गुजरना दुष्कर हो जाने की स्थिति है. शहरवासी अधिकांश तौर पर उक्त मार्गो से आना-जाना टाल रहे हैं.
* उतरे थे सीपी ऑन रोड
पिछले दिनों यहां के यातायात को लेकर बढती समस्या की वजह से विधान परिषद सदस्य प्रवीण पोटे पाटिल एक्शन में आए थे. जिसके बाद पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने भी ऑन रोड आकर यहां यातायात सुचारु करने का प्रयास किया था. उन्होंने अपने अधीनस्थ निरीक्षकों और सिपाहियों को सख्त ताकीद की थी. जिसके बाद भी यहां यातायात सुचारु नहीं हो पाया है.
* नहीं हुआ सुधार
रेलवे ब्रिज बंद होने से अन्य मार्गो पर वाहनों का भार बढा है. गनिमत है कि, दो ओवरब्रिज शहर में बने हैं. तीसरा ओवरब्रिज निर्माणाधीन है. इस बीच प्रमुख कार्यालय और मार्केट एरिया होने से मालवीय चौक-इर्विन चौक मार्ग पर यातायात भरपूर रहता है. दिन में वहां प्रति मिनट सैकडों वाहन आते-जाते है. जिसके कारण जाम की समस्या बार-बार होती है. वह वाहन चालक को परेशान करने के साथ कई बार जान जोखिम में डाल देती है.
* रहाटगांव-शेगांव नाका
पंचवटी से शेगांव नाका मार्ग भी महाविद्यालयों की बहुतायत और वलगांव-परतवाडा और नागपुर मार्ग होने के कारण यहां भी सभी प्रकार के वाहनों की भयंकर आवाजाही चलती है. जिसके कारण यह मार्ग दिन में हर समय बार-बार अवरुद्ध होने की स्थिति बन रही है. जिससे लोग यहां प्रॉपर सिग्नलिंग और यातायात प्रबंधों की मांग बुलंद कर रहे हैं.
* नो पार्किंग और फुटपाथ कहां?
पार्किंग की जगह न होने से यहां-वहां वाहन खडे कर दिए जाते है. इसके कारण भी यातायात अवरुद्ध हो रहा है. फुटपाथ पर अतिक्रमण की शिकायते रहती है. जिससे अब उक्त दोनों मार्गो पर कम से कम यातायात सिपाही और अधिकारियों द्वारा अधिक ध्यान दिए जाने की डिमांड अमरावती की पब्लिक कर रही हैं. पब्लिक का कहना है कि, आए दिन हो रहे सडक हादसे और उनमें हो रही कैजल्टी को रोकने के लिए यातायात का सुचारु, सुरक्षित होना आवश्यक है. सभी जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से इस ओर ध्यान देने की डिमांड की गई है.





