गुटखा तस्करी का ऐसा भी ‘हाइटेक फंडा’

पुलिस की नजरों से बचने रिमोट पर चलनेवाली नंबर प्लेट

नाशिक/दि.11 – प्रतिबंधित गुटखे की तस्करी हेतु गुटखा तस्करों द्वारा हमेशा ही आश्चर्यचकित करनेवाली नई-नई आयडिया खोजी जाती है. नाशिक के देवला तहसील अंतर्गत विठेवाडी गांव में नागरिकों की सतर्कता के चलते ऐसी ही एक हाइटेक तस्करी का पर्दाफाश हुआ है. जहां पर पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए सिधे रिमोट कंट्रोल टेक्निक का प्रयोग किया जा रहा था. इस कार्रवाई में देवला पुलिस ने 15 लाख रूपये का गुटखा जब्त करते हुए एक संदेहित को गिरफ्तार किया, वहीं मुख्य आरोपी फरार है.
इस कारर्र्वाई में जब पुलिस ने मारोती सुझुकी इर्टिगा कार की जांच पडताल की तो पता चला कि गुटखा तस्करों ने पुलिस सहित चौक-चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की दिशाभूल करने हेतु वाहन के अगले व पिछले हिस्से में लगी नंबर प्लेट पर रिमोट के जरीए नियंत्रित होनेवाला एक काला पर्दा लगा रखा था. रास्ते पर पुलिस दिखाई देते ही गाडी में बैठा व्यक्ती रिमोट का बटन दबाता था. जिसके तुरंत बाद नंबर प्लेट काले पर्दे से पूरी तरह ढक जाती थी. इस आयडिया के चलते आज तक यह कार कई बार पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रही. लेकिन बुधवार की रात विठेवाडी की आहेरबस्ती के पास इर्टिगा कार में सवार लोगों की गतिविधियां गांववासियों को संदेहास्पद लगी तो उन्होंने एकजुटता दिखाते हुए वाहन का रास्ता रोका और पुलिस को सूचित किया. जिसके बाद पुलिस ने एक संदेहित को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की, वहीं कार में सवार दूसरा व्यक्ती फरार होने में कामयाब रहा. पुलिस ने इस कार्रवाई में 10 लाख रूपये की कार तथा करीब 5 लाख रूपये मूल्य वाले गुटखे की खेप को बरामद किया है.

Back to top button