एफडीए की बड़ी कार्रवाई
ठाणे में सड़े डेयरी उत्पाद और ब्रेड जब्त

* आयुक्त तुकाराम मुंढे के निर्देश पर नौपाड़ा स्थित फूड आउटलेट सील
ठाणे /दि.11- ठाणे के नौपाड़ा इलाके में खाद्य सुरक्षा को लेकर अन्न एवं औषध प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक प्रसिद्ध फूड आउटलेट पर छापा मारा. जांच के दौरान बड़ी मात्रा में सड़े हुए डेयरी उत्पाद, ब्रेड और अन्य खाद्य सामग्री बरामद होने पर प्रशासन ने उन्हें जब्त कर आउटलेट को सील कर दिया. एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई के दौरान अधिकारियों को आउटलेट में अत्यंत अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य सामग्री का भंडारण मिलता पाया गया. सड़े हुए खाद्य पदार्थों के कारण पूरे परिसर में तेज दुर्गंध फैली हुई थी, जिससे स्थानीय नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था.
जानकारी के अनुसार, नौपाड़ा स्थित शिवानंद इमारत के आसपास कई दिनों से आ रही दुर्गंध की शिकायत स्थानीय नागरिकों ने भाजपा नगरसेवक संजय वाघुले से की थी. शिकायत मिलने के बाद नगरसेवक संजय वाघुले और शिवसेना पदाधिकारी किरण नाकती ने मौके का निरीक्षण किया और एफडीए से तत्काल कार्रवाई की मांग की. शिकायत के बाद एफडीए की टीम ने छापा मारकर खाद्य सामग्री की जांच की. जांच में बड़ी मात्रा में सड़े हुए डेयरी उत्पाद और ब्रेड पाए गए, जिन्हें तत्काल जब्त कर लिया गया. अधिकारियों ने बताया कि खाद्य सुरक्षा नियमों के गंभीर उल्लंघन को देखते हुए संबंधित आउटलेट को सील करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. एफडीए ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस कार्रवाई के बाद नौपाड़ा क्षेत्र के नागरिकों ने राहत और संतोष व्यक्त किया है.





