अमरावती शहर की दो होटलों के लाइसेंस रद्द
एफडीए की कार्रवाई, गंदगी और खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई

* ‘सेफ फूड, हेल्दी महाराष्ट्र’ अभियान के तहत आठ होटलों को नोटिस
अमरावती/दि.13– खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने अमरावती में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले होटलों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो होटलों के लाइसेंस रद्द कर दिए हैं. वहीं, आठ अन्य होटल एवं भोजनालयों को कमियों में सुधार के लिए नोटिस जारी किए गए हैं. कार्रवाई के बाद होटल संचालकों में हड़कंप मच गया है.
यह अभियान आयुक्त तुकाराम मुंढे के निर्देश पर राज्यभर में चलाए जा रहे ‘सेफ फूड, हेल्दी महाराष्ट्र’ अभियान के तहत किया जा रहा है. इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं तक स्वच्छ और सुरक्षित भोजन पहुंचाना है. निरीक्षण के दौरान ‘बाप्पू का किचन’ में रसोई की स्थिति बेहद खराब पाई गई. अधिकारियों के अनुसार किचन में साफ-सफाई का अभाव था और ग्राहकों के बैठने की व्यवस्था भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिली. इन गंभीर अनियमितताओं के चलते होटल का लाइसेंस रद्द कर दिया गया. वहीं रेलवे स्टेशन रोड स्थित ‘अलकरीम’ होटल के निरीक्षण में एक ही रेफ्रिजरेटर में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य सामग्री रखी मिली. इसके अलावा चावल की गुणवत्ता खराब पाई गई और रसोई भी अस्वच्छ स्थिति में मिली. खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के कारण इस होटल का लाइसेंस भी निरस्त कर दिया गया.
एफडीए अधिकारियों ने होटल संचालकों के साथ बैठक कर खाद्य सुरक्षा मानकों की जानकारी भी दी. अधिकारियों ने बताया कि रसोई की दीवारें और फर्श साफ, चिकने एवं धुलने योग्य होने चाहिए. उचित वेंटिलेशन, सुरक्षित प्रकाश व्यवस्था तथा हाथ धोने के लिए बहते पानी, लिक्विड साबुन और एयर ड्रायर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना अनिवार्य है. एफडीए के निरीक्षक गजानन गोर ने बताया कि आयुक्त तुकाराम मुंढे के निर्देश पर शहर में लगातार निरीक्षण किए जा रहे हैं. दो होटलों के लाइसेंस रद्द किए जा चुके हैं, जबकि आठ प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए हैं. उन्होंने कहा कि भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करने वाले होटल एवं भोजनालयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.