पदभार संभालते ही निगमायुक्त ने महापौर तेजवानी से की शिष्टाचार भेंट
उपमहापौर सचिन भेंडे, गट नेता चेतन गावंडे, स्थायी समिति सभापति अविनाश मार्डीकर व नाना आमले ने किया स्वागत

अमरावती /दि.13- अमरावती मनपा के नवनियुक्त आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले ने पदभार ग्रहण करने के बाद सोमवार को महापौर श्रीचंद तेजवानी से शिष्टाचार भेंट की. महापौर कक्ष में हुई इस मुलाकात में शहर के समग्र विकास और नागरिकों को बेहतर एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने को लेकर प्रारंभिक चर्चा हुई.
बैठक में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति देने तथा नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया. इस अवसर पर महापौर श्रीचंद तेजवानी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर डॉ. मंगेश गोंदावले का स्वागत किया और उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं. उपमहापौर सचिन भेंडे, स्थायी समिति के सभापति अविनाश मार्डीकर, सभागृह नेता चेतन गावंडे, गटनेता नाना आमले तथा डॉ. राजेंद्र तायडे ने भी पुष्पगुच्छ देकर उनका अभिनंदन किया. डॉ. मंगेश गोंदावले ने कहा कि शहर के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी और नागरिकों को बेहतर, पारदर्शी एवं जनहितैषी प्रशासन उपलब्ध कराने के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे.





