शहर के विकास हेतु मनपा प्रशासन के साथ है कांग्रेस
कांग्रेस पार्षदों ने नए निगमायुक्त डॉ. गोंदावले को दिया आश्वासन

* नए आयुक्त का किया अमरावती में स्वागत, मुलाकात के दौरान विभिन्न विषयों पर की गहन चर्चा
* मनपा की आय बढाने व शहर का विकास करने में कांग्रेस का सहयोग रहने का किया वादा
अमरावती/दि.13 – अमरावती मनपा के नवनियुक्त आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले से सोमवार को कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की. इस अवसर पर कांग्रेस पार्षदों ने मनपा के नए आयुक्त डॉ. गोंदावले का अमरावती में स्वागत करते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि, मनपा की आय बढाने तथा अमरावती शहर का विकास करने के मुद्दे पर विपक्षी दल रहने के बावजूद कांग्रेसी पार्षदों द्वारा मनपा प्रशासन के साथ पूरा सहयोग किया जाएगा. इस दौरान शहर कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं मनपा के कांग्रेसी पार्षदों ने मनपा प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए शहर की बदहाल सड़कों की तत्काल मरम्मत करने और बिना अनुमति हो रही केबल एवं पाइपलाइन की खुदाई पर सख्त कार्रवाई की मांग की.
कांग्रेस शहर (जिला) अध्यक्ष बबलू शेखावत के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने आयुक्त का स्वागत किया. इस दौरान विपक्ष के नेता एवं पूर्व महापौर विलास इंगोले, पार्षद अनिल अग्रवाल, संजय शिरभाते, विक्की वानखडे, सादीक शहा, नितिन काले, सुरेश रतावा, मो. रेहान मो. यासीन, अर्चना आत्राम, ललिता रतावा, लुभना तनवीर, असमा फिरोज खान, तोहसीफ शेख आदि पार्षद समेत नगरसेवक और पदाधिकारी मौजूद रहे. बैठक में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मनपा की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए सबसे पहले राजस्व बढ़ाने पर ध्यान देना होगा. उन्होंने बताया कि मनपा की कई मार्केट और व्यावसायिक संपत्तियां लंबे समय से लीज पर हैं. यदि इन लीज का समय पर नवीनीकरण किया जाए तो मनपा की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है. इसलिए इस प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए. प्रतिनिधिमंडल ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था पर भी चिंता जताई और मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए फॉगिंग तथा ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव को प्राथमिकता देने की मांग की.
नेता प्रतिपक्ष विलास इंगोले तथा पार्षद बबलू शेखावत व अनिल अग्रवाल ने कहा कि लगातार बारिश के कारण शहर के अधिकांश आंतरिक मार्ग गहरे गड्ढों में तब्दील हो गए हैं, जिससे नागरिकों की जान जोखिम में पड़ गई है. उन्होंने सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग करते हुए कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए. बैठक में शहर में विभिन्न कंपनियों द्वारा किए जा रहे सड़क खुदाई कार्य का मुद्दा भी जोरदार ढंग से उठाया गया. कांग्रेस ने आरोप लगाया कि एयरटेल और अदानी समूह से जुड़ी कंपनी द्वारा केबल और पाइपलाइन बिछाने के लिए कई स्थानों पर खुदाई की गई है. प्रतिनिधिमंडल ने सवाल उठाया कि क्या इन कंपनियों ने मनपा से विधिवत अनुमति ली है. कांग्रेस ने आशंका जताई कि कई स्थानों पर बिना आवश्यक अनुमति के खुदाई की जा रही है.
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि शहर में किसी भी सार्वजनिक सड़क या स्थान पर खुदाई शुरू करने से पहले संबंधित कंपनियों के लिए मनपा की अनुमति लेना, निर्धारित शुल्क जमा करना और सभी नियमों का पालन करना अनिवार्य किया जाए. इससे मनपा के राजस्व में बढ़ोतरी होगी, विकास कार्यों पर नियंत्रण रहेगा और सड़कों को होने वाले नुकसान पर भी रोक लगेगी. आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए शहरहित में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया.
* भ्रष्टाचार मामले की जांच के लिए सेवानिवृत्त अभियंता की कब होगी नियुक्ती?
इस प्रतिनिधि मंडल ने मनपा आयुक्त डॉ. गोंदावले को बताया कि, अमरावती मनपा में प्रशासक राज के दौरान तत्कालीन मनपा प्रशासक व आयुक्त द्वारा करोडों रुपए का भ्रष्टाचार मनपा में किया गया. इस भ्रष्टाचार की गहन जांच कर दोषी पर कडी कार्रवाई करने की मांग को लेकर सदन में कांग्रेस काफी आक्रामक रही. दो माह पूर्व इस मामले की जांच के लिए सेवानिवृत्त न्यायाधीश व अभियंता के नेतृत्व में समिति गठित कर जांच करने का आश्वासन दिया गया था. लेकिन कोई पहल न होने पर कांग्रेस पार्षद अनिल अग्रवाल ने भूख हडताल पर बैठने की चेतावनी दी थी. यह अल्टीमेटम मिलने के बाद मामले की जांच के बाद सेवानिवृत्त न्यायाधीश की नियुक्ति की गई. लेकिन अब तक सेवानिवृत्त अभियंता का चयन नहीं किया गया है. इस कारण कांग्रेस पार्षद समेत पूरा विपक्ष आक्रामक है. बुधवार 15 जुलाई को होने वाली आमसभा में यह मुद्दा फिर से गुंजने की संभावना है. ऐसे में मनपा आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले से इस मामले में त्वरीत प्रभावी कदम उठाने हेतु कहा गया.





