अकोला में पुलिसकर्मी पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप
मामला दर्ज, बालापुर थाना क्षेत्र की घटना

अकोला /दि.14– जिले के बालापुर थाना क्षेत्र में एक पुलिसकर्मी पर शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. घटना के बाद आरोपी पुलिसकर्मी फरार हो गया है और उसकी तलाश की जा रही है.
पीड़िता के पिता की शिकायत के मुताबिक उनके घर में किरायेदार के रूप में रहने वाले पुलिसकर्मी पवन वडगावे ने उनकी बेटी से शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. बाद में उसने शादी से इनकार कर दिया, जिससे युवती मानसिक रूप से टूट गई. परिजनों के अनुसार, तनाव में आकर युवती ने आत्महत्या का प्रयास भी किया. उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है. शिकायत मिलने के बाद बालापुर पुलिस ने आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मामला दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी छुट्टी लेकर फरार हो गया. पुलिस की टीमें उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.