टीईटी पेपर लीक पर राहुल गांधी का राज्य सरकार पर हमला

मुख्यमंत्री से की तीन मांगें

मुंबई /दि.14- महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि व्यवस्था की गलती की सजा ईमानदारी से तैयारी करने वाले करीब 6 लाख उम्मीदवारों को नहीं मिलनी चाहिए.
राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से तीन प्रमुख मांगें रखीं है. इनमें महा-टीईटी परीक्षा की नई तारीख तुरंत घोषित की जाए, पेपर लीक के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, जबकि ईमानदार अभ्यर्थियों को परेशान न किया जाए, पेपर रद्द होने से प्रभावित अभ्यर्थियों को आयु सीमा में छूट दी जाए, ताकि उनका एक महत्वपूर्ण वर्ष व्यर्थ न जाए. राहुल गांधी ने कहा कि लाखों युवाओं ने वर्षों तक मेहनत की, परीक्षा शुल्क जमा किया और दूर-दराज के परीक्षा केंद्रों तक पहुंचे, लेकिन पेपर लीक के कारण उनका भविष्य अधर में लटक गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि दोषी खुले घूम रहे हैं, जबकि नुकसान केवल अभ्यर्थियों को उठाना पड़ रहा है. उन्होंने यह भी घोषणा की कि 17 जुलाई को देहरादून में युवा क्रांति कार्यक्रम आयोजित कर देशभर में पेपर लीक और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी. फिलहाल, नई परीक्षा तिथि घोषित नहीं होने से राज्य के लाखों अभ्यर्थियों में चिंता बनी हुई है.

Back to top button