कल से पंढरपुर में मांस-मटन बिक्री पर प्रतिबंध
आषाढवारी के मद्देनजर लिया गया निर्णय

* 15 से 29 जुलाई तक लागू रहेगा आदेश
* नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
पंढरपुर/दि.14- आषाढ़ी एकादशी यात्रा के दौरान लाखों वारकरियों और श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने पंढरपुर शहर और आसपास के क्षेत्र में 15 जुलाई से 29 जुलाई 2026 तक मांस, मटन और मछली की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है. सोलापुर जिले के पालकमंत्री जयकुमार गोरे के निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं.
प्रशासन के अनुसार आषाढ़ी वारी के दौरान देशभर से लाखों वारकरी विठ्ठल-रुक्मिणी मंदिर में दर्शन के लिए पंढरपुर पहुंचते हैं. इस धार्मिक और आध्यात्मिक माहौल में श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस न पहुंचे, इसलिए शहर में मांसाहारी पदार्थों की बिक्री पर अस्थायी रोक लगाने का फैसला किया गया है. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वारी के दौरान पंढरपुर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में भक्तों और दिंडियों का आगमन होता है. ऐसे में धार्मिक वातावरण बनाए रखने और सार्वजनिक व्यवस्था सुचारू रखने के उद्देश्य से यह प्रतिबंध लगाया गया है. आदेश के तहत 15 दिनों तक शहर और आसपास के निर्धारित क्षेत्रों में मांस, मटन और मछली की बिक्री नहीं की जा सकेगी. प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों और व्यापारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
* वारकरियों ने किया स्वागत
प्रशासन के इस निर्णय का वारकरी समुदाय और श्रद्धालुओं ने स्वागत किया है. उनका कहना है कि आषाढ़ी वारी केवल धार्मिक यात्रा नहीं बल्कि महाराष्ट्र की संत परंपरा और भक्ति आंदोलन का प्रतीक है. ऐसे में पवित्र वातावरण बनाए रखना आवश्यक है. हालांकि मांसाहारी भोजन पसंद करने वाले नागरिकों और व्यापारियों के लिए यह निर्णय कुछ असुविधा पैदा कर सकता है, लेकिन धार्मिक आयोजन को देखते हुए अधिकांश लोगों ने प्रशासन के निर्णय को उचित बताया है.
* पंढरपुर आगार को मिलीं पांच नई ‘राजमाता जिजाऊ’ बसें
आषाढ़ी वारी के दौरान श्रद्धालुओं की यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन महामंडल (एमएसआरटीसी) ने भी विशेष तैयारी की है. पंढरपुर बस आगार को पांच नई ‘राजमाता जिजाऊ’ बसें उपलब्ध कराई गई हैं. इन नई बसों का लोकार्पण पंढरपुर-मंगलवेढ़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक समाधान आवताडे के हाथों किया गया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वारी के दौरान लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, आरामदायक और गुणवत्तापूर्ण परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है. उन्होंने बताया कि यात्रा अवधि से पहले पंढरपुर आगार को और भी नई बसें मिलने की संभावना है, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही और अधिक सुगम हो सकेगी.
* वारी की तैयारियों को अंतिम रूप
आषाढ़ी एकादशी को लेकर प्रशासन, पुलिस विभाग और परिवहन विभाग ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं. श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन और आवागमन की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. पंढरपुर में अगले कुछ दिनों में लाखों वारकरियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं.




