खेतों से बिजली और तांबे के तार चुराने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार
अमरावती ग्रामीण पुलिस की सफलता

अमरावती/दि.14 – अमरावती ग्रामीण की स्थानीय अपराध शाखा ने खेतों से बिजली के तार और तांबे के तार चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर मोर्शी, वरुड, असेगांव पूर्णा तथा नागपुर जिले के कलमेश्वर क्षेत्र में हुई कई चोरियों का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 8.54 लाख रुपये मूल्य का माल और दो वाहन जब्त किए हैं. गिरफ्तार आरोपियों के नाम कोलपुरा निवासी महेंद्र पीतांबर कपूर (34) तथा रोशनखेड़ा निवासी अनिल झलकू उइके (35) है.
जानकारी के मुताबिक 27 अक्टूबर 2025 को वरुड निवासी विद्युत ठेकेदार नयन अरुणराव वानखड़े ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी संगम इलेक्ट्रिक दुकान और गोदाम के सामने रखा करीब 3 लाख रुपये मूल्य का बिजली का तार चोरी हो गया. इसी दौरान ठेकेदार विनोद गोकुलदास बेलवंशी के गोदाम से भी करीब 2 लाख रुपये मूल्य के बिजली के तार चोरी कर लिए गए थे. इस मामले में वरुड थाने में बीएनएस की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के निर्देश पर एलसीबी ने समानांतर जांच शुरू की. तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर टीम ने नागपुर में जाल बिछाकर मुख्य आरोपी महेंद्र कपूर को गिरफ्तार कर उसकी होंडा सिटी कार क्रमांक एमएच-31/सीएस-2809 जब्त कर लिया गया.
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी अनिल उइके के साथ मिलकर पहले होंडा सिटी कार से चोरी के स्थानों की रेकी करने और बाद में टाटा ऐस वाहन क्रमांक एमएच-40/सीटी-1164 से बिजली एवं तांबे के तार चोरी कर नागपुर में कबाड़ कारोबारियों को बेचने की बात कबूल की. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से होंडा सिटी कार, टाटा ऐस वाहन, ओप्पो मोबाइल फोन, लगभग 300 किलोग्राम एल्युमिनियम बिजली का तार, तांबे के 23 बंडल सहित कुल 8.54 लाख रुपये का माल जब्त किया है. पूछताछ में आरोपियों ने वरुड, मोर्शी, असेगांव पूर्णा तथा नागपुर जिले के कलमेश्वर क्षेत्र में बिजली के तार चोरी की कई वारदातों को अंजाम देना भी स्वीकार किया है. मामले की आगे की जांच जारी है. जब्त माल और दोनों आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए वरुड पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़ तथा स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अशोक लांडे के मार्गदर्शन में पुलिस उपनिरीक्षक नितिन इंगोले और एलसीबी की टीम ने की.





