गोंदिया में ‘करियर ज़ोन’ कोचिंग सेंटर पर जीएसटी का छापा
टैक्स चोरी के संदेह में जांच

गोंदिया/दि.16- शहर के सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित हड्डीटोली रोड (मामा चौक) पर संचालित ‘करियर ज़ोन’ कोचिंग सेंटर की दो शाखाओं पर वस्तु एवं सेवा कर विभाग ने बुधवार सुबह छापेमार कार्रवाई की. कार्रवाई के दौरान सेल्फ स्टडी के लिए आए विद्यार्थियों को अवकाश देकर वापस भेज दिया गया, जबकि जीएसटी अधिकारियों की टीम देर रात तक दस्तावेजों की जांच में जुटी रही.
सूत्रों के अनुसार, विभाग को इनपुट टैक्स क्रेडिट में गड़बड़ी, नकद लेनदेन छिपाने और आय का सही विवरण नहीं देने संबंधी शिकायतें मिली थीं. इसके आधार पर टीम ने कोचिंग संस्थान के वित्तीय दस्तावेज, जीएसटी रिटर्न, फीस रिकॉर्ड, बिल और अन्य जरूरी अभिलेखों की जांच शुरू की. संस्थान को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं. जानकारी के अनुसार, प्रतियोगी परीक्षाओं, जेईई, नीट, व्यावसायिक प्रशिक्षण तथा ऑनलाइन शिक्षा उपलब्ध कराने वाले निजी कोचिंग संस्थानों पर 18 प्रतिशत जीएसटी लागू होता है. ऐसे संस्थानों को विद्यार्थियों से वसूला गया जीएसटी सरकार के पास जमा करना अनिवार्य होता है. विभाग को आशंका है कि विद्यार्थियों से जीएसटी वसूलने के बावजूद उसका भुगतान सरकारी खाते में नहीं किया गया.
जांच के दौरान फर्जी बिल, बिना हिसाब के नकद लेनदेन और जीएसटी पंजीकरण में संभावित अनियमितताओं की भी पड़ताल की जा रही है. बताया जाता है कि ‘करियर ज़ोन’ गोंदिया जिले के प्रमुख कोचिंग संस्थानों में शामिल है, जहां इंजीनियरिंग और मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए करीब एक हजार विद्यार्थी अध्ययन करते हैं. सूत्रों के अनुसार, इस मामले में एक राजनीतिक संगठन द्वारा जीएसटी विभाग से शिकायत की गई थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई. हालांकि, जीएसटी विभाग के अधिकारियों ने जांच पूरी होने तक मामले पर कोई आधिकारिक टिप्पणी करने से इनकार किया है.





