‘ऑपरेशन कवच’ के तहत मोर्शी में जागरूकता रैली

छात्रों ने ली नशामुक्ति और सड़क सुरक्षा की शपथ

मोर्शी /दि.20- समाज में सड़क सुरक्षा और नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मोर्शी पुलिस विभाग एवं शिवाजी उच्च माध्यमिक विद्यालय, मोर्शी के संयुक्त तत्वावधान में ‘ऑपरेशन कवच’ के अंतर्गत जनजागरूकता रैली एवं मादक पदार्थ विरोधी शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
रैली में विद्यालय के विद्यार्थियों ने हाथों में जागरूकता संदेशों वाले बैनर लेकर नारे लगाते हुए शहर के प्रमुख मार्गों, व्यस्त बाजारों और सार्वजनिक स्थानों से होकर मार्च निकाला. इस दौरान नागरिकों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, यातायात नियमों का पालन करने तथा नशीले पदार्थों से दूर रहने की अपील की गई. रैली के समापन के बाद विद्यालय परिसर में मादक पदार्थ विरोधी शपथ समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य श्रीकांत देशमुख ने की. मुख्य मार्गदर्शन पुलिस निरीक्षक राहुल आठवले ने किया. उन्होंने विद्यार्थियों से नशे के खिलाफ जागरूक रहने, किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों के सेवन, प्रचार या प्रोत्साहन से दूर रहने तथा समाज को व्यसनमुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया. इस अवसर पर विद्यार्थियों ने शपथ ली कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों का सेवन नहीं करेंगे, दूसरों को भी इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे तथा सुरक्षित, स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण में पुलिस और विद्यालय के प्रयासों का सहयोग करेंगे. कार्यक्रम में उपप्रधानाचार्य मिलिंद ढाकुलकर, विजय तारापुरे, सुहास मोरे, प्रेमा नवरे, शिक्षकगण, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे.
* प्रधानाचार्य का संदेश
प्रधानाचार्य श्रीकांत देशमुख ने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग व्यक्तिगत सुरक्षा की पहली शर्त है. उन्होंने विद्यार्थियों से अपने अभिभावकों को भी हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक छात्र सड़क सुरक्षा का दूत बनकर समाज में यातायात नियमों के पालन का संदेश पहुंचाए. उन्होंने कहा कि सुरक्षित नागरिक ही सुरक्षित समाज और सुरक्षित भारत के निर्माण की आधारशिला हैं.

Back to top button