हीरुल पूर्णा के सावित्रीबाई फुले विद्यालय के पास सड़क बनी हादसों का कारण
बीच सड़क पर बनी गहरी नाली से कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

चांदूर बाजार/दि.20 – चांदूर बाजार तहसील के अंतर्गत आने वाले हीरुल पूर्णा गांव में सावित्रीबाई फुले विद्यालय के पास स्थित चढ़ाई पर सड़क की बदहाल स्थिति स्थानीय नागरिकों और राहगीरों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई है. सड़क के ठीक बीचों-बीच गहरी आड़ी नाली बन जाने से हर दिन दुर्घटना का खतरा बढ़ता जा रहा है.
यह मार्ग गांव का प्रमुख आवागमन मार्ग होने के कारण यहां से प्रतिदिन स्कूली विद्यार्थी, शिक्षक, किसान, दोपहिया और चारपहिया वाहन बड़ी संख्या में गुजरते हैं. चढ़ाई होने के कारण वाहन चालकों को पहले से ही संतुलन बनाए रखना पड़ता है, लेकिन सड़क के बीच बनी गहरी नाली के कारण अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ने की आशंका बनी रहती है. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों को इस स्थान पर सबसे अधिक परेशानी होती है. यदि कोई भारी वाहन सामने से आ जाए या वाहन चालक का संतुलन थोड़ा भी बिगड़ जाए तो वाहन पीछे की ओर लुढ़क सकता है, जिससे बड़ी दुर्घटना होने की पूरी संभावना है. बरसात के दिनों में यह खतरा और भी बढ़ जाता है, क्योंकि नाली में पानी भर जाने से उसकी गहराई दिखाई नहीं देती.
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या की ओर कई बार संबंधित विभाग का ध्यान आकर्षित किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. यदि समय रहते सड़क की मरम्मत कर बीच में बनी नाली को भरकर समतल नहीं किया गया, तो किसी भी दिन कोई बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी. ग्रामीणों और वाहन चालकों ने लोकनिर्माण विभाग तथा स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि दुर्घटना होने का इंतजार करने के बजाय तत्काल इस स्थान का निरीक्षण कर सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि आम नागरिकों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके. अब देखना यह होगा कि प्रशासन समय रहते इस गंभीर समस्या का समाधान करता है या फिर किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही जिम्मेदार विभाग जागेगा.





