मेडिकल कॉलेज एडमिशन के नाम पर फ्रॉड

महिला से 29 लाख हडपे, डॉक्टर सहित 7 लोग नामजद

अमरावती/दि.22- एमबीबीएस की पढाई हेतु चिकित्सा महाविद्यालय में प्रवेश दिलाने के नाम पर आए दिन लाखों की ठगी होती है. ऐसा ही प्रकरण अमरावती शहर में भी उजागर हुआ है. ओम कॉलोनी शेगांव-रहाटगांव रोड की गृहिणी से इंदौर के चिकित्सक और अन्य 6 लोगों ने 29 लाख रुपए हडप लिए और बेटी को मेडिकल कॉलेज में दाखिला भी नहीं दिलाया. महिला की शिकायत पर गाडगे नगर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत 7 लोगों को आरोपी बनाया है. उसमें डॉ. संतोषी साहनी का भी समावेश है.
43 वर्ष की महिला ने शिकायत में कहा कि, गत 1 जुलाई को उन्होंने अपनी बेटी को एमबीबीएस में एडमिशन करवाने के बारे में आरोपी सौरभ गुप्ता, अमन कुमार, रणधीर कुमार, सतीश गोस्वामी, निखिल सिंह, चंदन चौधरी, डॉ. संतोषी साहनी से चर्चा की. सभी आरोपी इंदौर के साउथ तुकोगंज मालवीय नगर के रहनेवाले बताए जाते है. शिकायत के अनुसार आरोपियों ने महिला से नकद और फोन-पे से 29 लाख 10 हजार रुपए हडप लिए. एमबीबीएस में एडमिशन करवा देने का आरोपियों ने भरोसा दिया था, किंतु एडमिशन नहीं हो सकी. ऐसे में महिला ने 21 जुलाई की दोपहर अपने साथ हुए फ्रॉड की गाडगे नगर थाने में शिकायत दी. पुलिस ने आरोपी डॉ. संतोषी साहनी सहित 7 लोगों पर धारा बीएनएस की धारा 316 (2), 318 (2), 61 (2), 3 (5) के तहत अपराध दर्ज किया है. उपनिरीक्षक सुषमा आठवले आगे तहकीकात कर रही है.
मेडिकल कॉलेज में एडमिशन दिलाने के नाम पर पहले भी जिले में कई लोगों से ठगी हुई है. जबकि मेडिकल कॉलेज के दाखिले खासकर एमबीबीएस के प्रवेश नीट के अंकों पर आधारित रहते है. कटऑफ उसी आधार पर बनते हैं.

Back to top button