हमारी कुएं की चोरी हो गई, तीन किसान पहुंचे थाने

अमरावती में अजब मामला

* सरकारी योजना में बड़ा घोटाले का आरोप
अमरावती/दि.23 अमरावती जिले से सरकारी योजनाओं में कथित भ्रष्टाचार का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. जिले के शेवती जहागीर गांव के तीन किसानों ने सीधे नांदगांवपेठ पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि सरकारी रिकॉर्ड में उनके खेतों के लिए कुआं स्वीकृत और निर्मित दिखाया गया है, लेकिन मौके पर कुआं ही मौजूद नहीं है. किसानों ने इसे कुएं की चोरी बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.
जानकारी के अनुसार, किसान अलका सुभाष समरीत सहित तीन किसानों के नाम पर वर्ष 2023 में सरकारी योजना के तहत कुएं स्वीकृत किए गए थे. शासकीय दस्तावेजों में निर्माण कार्य पूर्ण होने और निधि खर्च होने का उल्लेख है, जबकि किसानों का दावा है कि उनके खेतों में आज तक कुआं बनाया ही नहीं गया.
* अधिकारियों की भूमिका पर उठे सवाल
किसानों ने आरोप लगाया है कि ग्राम रोजगार सेवक से लेकर समूह विकास अधिकारी (बीडीओ) स्तर तक पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. उन्होंने मांग की है कि संबंधित खेतों का मौके पर निरीक्षण कर यह सत्यापित किया जाए कि वास्तव में कुएं का निर्माण हुआ या नहीं. यदि सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ है तो संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए.
* प्रशासन पर असंवेदनशीलता का आरोप
पूर्व जिला परिषद सदस्य प्रकाश साबले ने इस मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि सरकार महिला किसानों को प्राथमिकता देने की बात करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर प्रशासन उनकी समस्याओं के प्रति उदासीन और असंवेदनशील बना हुआ है. उनका कहना है कि यदि सरकारी रिकॉर्ड में काम पूरा दिखाया गया है और जमीन पर उसका कोई अस्तित्व नहीं है, तो यह सरकारी योजनाओं में बड़े स्तर की अनियमितता का संकेत है. पुलिस ने किसानों की शिकायत प्राप्त कर संबंधित विभाग से जानकारी जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Back to top button