सनाई की धुनें थम गईं, दहेज के लिए शादी से मुकरा दूल्हा; मामला दर्ज

हिंगणघाट की घटना

वर्धा/दि.23- शादी के दिन दहेज में 10 लाख रुपये नकद और 80 ग्राम सोना मांगकर बारात लेकर नहीं पहुंचने वाले दूल्हे और उसके भाई के खिलाफ पुलिस ने दहेज प्रतिषेध अधिनियम तथा धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज किया है. घटना वर्धा जिले के हिंगणघाट की है.
पुलिस के अनुसार, हिंगणघाट निवासी युवती विजया का विवाह यवतमाल जिले के वडगांव निवासी राहुल दामोदर थुटे से तय हुआ था. 19 जून 2026 को दोनों का सगाई समारोह (साक्षगंध) संपन्न हुआ. इस दौरान लड़की पक्ष ने दूल्हे को सोने की अंगूठी और 15 ग्राम की सोने की चेन भेंट की थी. विवाह की तारीख 1 जुलाई निर्धारित की गई थी.
* शादी से पहले रखी दहेज की नई शर्त
परिजनों के अनुसार, शादी से पहले राहुल और उसके भाई अरविंद थुटे ने अचानक 80 ग्राम सोना और 10 लाख रुपये दहेज की मांग रख दी. लड़की पक्ष ने आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए यह मांग पूरी करने से इनकार कर दिया.
* मंडप सजा, दुल्हन इंतजार करती रही
निर्धारित तिथि पर विवाह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं. मंडप सज चुका था, मेहमान और बाराती के स्वागत की तैयारी थी तथा दुल्हन भी पूरी तरह तैयार होकर दूल्हे का इंतजार कर रही थी. लेकिन तीन घंटे तक इंतजार करने के बावजूद दूल्हा बारात लेकर नहीं पहुंचा. बाद में परिजनों को पता चला कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने के कारण दूल्हा शादी में नहीं आया.
* लाखों का खर्च और मानसिक आघात
शादी की तैयारियों पर खर्च की गई बड़ी राशि व्यर्थ चली गई, जिससे लड़की और उसके परिवार को आर्थिक नुकसान के साथ गहरा मानसिक आघात भी पहुंचा. इसके बाद पीड़ित परिवार ने हिंगणघाट पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई.
* दूल्हे और भाई पर केस दर्ज
पुलिस ने शिकायत के आधार पर राहुल दामोदर थुटे और उसके भाई अरविंद थुटे, निवासी भाग्योदय सोसायटी, यवतमाल के खिलाफ दहेज मांगने और धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार, 21 जून को दोनों आरोपी हिंगणघाट आए थे. उन्होंने लड़की के भाई को बस स्टैंड पर बुलाकर घर आने से इनकार कर दिया और आगे की बातचीत के लिए परिवार के वरिष्ठ सदस्यों को यवतमाल बुलाने की शर्त रखी थी. उसी दौरान दहेज की मांग भी दोहराई गई थी.

 

Back to top button