मेलघाट के टिटंबा आश्रम स्कूल में फूड पॉइजनिंग
70 छात्र बीमार, सभी की हालत स्थिर

* सांसद बलवंत वानखड़े ने लिया जायजा
अमरावती/दि.27– मेलघाट के धारणी तहसील स्थित टिटंबा शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक आदिवासी आश्रम स्कूल में भोजन करने के बाद करीब 70 आवासीय छात्र फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए. घटना के बाद छात्रों में उल्टी, मतली, चक्कर और बेचैनी जैसे लक्षण दिखाई देने लगे, जिससे स्कूल परिसर और अभिभावकों में हड़कंप मच गया. प्रशासन ने तत्काल सभी प्रभावित छात्रों को उपजिला अस्पताल धारणी में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है. स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सभी छात्रों की हालत फिलहाल स्थिर है और किसी की जान को खतरा नहीं है.
जानकारी के मुताबिक शनिवार शाम करीब 7 बजे भोजन के बाद छात्रों की तबीयत बिगड़ने लगी. सूचना मिलते ही उपविभागीय अधिकारी, तहसीलदार, उपजिला अस्पताल के अधीक्षक, तालुका स्वास्थ्य अधिकारी तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. कई एंबुलेंसों की मदद से सभी छात्रों को अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में अचानक मरीजों की संख्या बढ़ने से अतिरिक्त मेडिकल स्टाफ और संसाधनों की व्यवस्था करनी पड़ी. स्वास्थ्य विभाग ने एहतियात के तौर पर आश्रम स्कूल से भोजन और पानी के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं. साथ ही स्कूल परिसर में मेडिकल टीम, पर्याप्त दवाइयों का स्टॉक और पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि अस्पताल में भर्ती नहीं किए गए अन्य विद्यार्थियों की भी निगरानी की जा सके. प्रशासन ने नागरिकों और अभिभावकों से अपील की है कि अफवाहों पर विश्वास न करें, क्योंकि अस्पताल में भर्ती सभी छात्रों की स्थिति नियंत्रण में है और उनका समुचित उपचार किया जा रहा है.
* सांसद बलवंत वानखड़े ने अस्पताल और आश्रम स्कूल का किया दौरा
घटना की गंभीरता को देखते हुए अमरावती लोकसभा क्षेत्र के सांसद बलवंत वानखड़े ने उपजिला अस्पताल धारणी पहुंचकर उपचाराधीन छात्रों का हालचाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. इसके बाद उन्होंने टिटंबा स्थित आदिवासी आश्रम स्कूल का दौरा कर छात्रों और अभिभावकों से चर्चा की. सांसद वानखड़े ने इस मामले में गंभीर लापरवाही मानते हुए आश्रम स्कूल के अधीक्षक और मुख्याध्यापक के खिलाफ तत्काल जांच कर उन्हें निलंबित करने के निर्देश परियोजना अधिकारी शुक्ला को दिए. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी.
* उठे गंभीर सवाल
घटना के बाद आश्रम स्कूल में केंद्रीकृत रसोई योजना के तहत उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, भोजन के परिवहन और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. स्थानीय नागरिकों, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच, भोजन की गुणवत्ता का स्वतंत्र ऑडिट तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. प्रशासन ने जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है.