अंध विद्यालय के हीरक महोत्सव में सजी ‘संगीत संध्या’
नेत्रहीन विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने जीता दिल

अमरावती/दि.27 – अमरावती स्थित द ब्लाइंड वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा संचालित डॉ. नरेंद्र भिवापुरकर अंध विद्यालय एवं आश्रित अंध कर्मशाला के हीरक महोत्सव के अवसर पर शनिवार को विद्यालय परिसर में ‘संगीत संध्या’ का भव्य आयोजन किया गया. सुरों से सजे इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में नेत्रहीन विद्यार्थियों और कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित दर्शकों को भावविभोर कर दिया.
शाम 7 बजे आयोजित कार्यक्रम में रघुवीर रिफ्रेशमेंट के संचालक चंद्रकांत पोपट तथा ज्योत्सना शेटे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ, जिसके बाद विद्यार्थियों ने मधुर गीत, भजन और संगीतमय प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया. विद्यार्थियों की सुरमयी प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया. इस अवसर पर चंद्रकांत पोपट ने संस्था के 60 वर्ष के गौरवशाली सफर की सराहना करते हुए कहा कि यह विद्यालय नेत्रहीन व्यक्तियों के जीवन में नई रोशनी लाने का कार्य कर रहा है और यहां के विद्यार्थियों में अद्भुत प्रतिभा है. वहीं ज्योत्सना शेटे ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष प्रवीण मालपाणी, प्रभारी सचिव धनंजय नाकील, कोषाध्यक्ष सुनील सरोदे, कार्यकारिणी सदस्य उर्मिला शाह, प्रभा झंवर, राजेश डागा, आर. टी. देशमुख, रामराव अमृते, प्रणित सोनी, मनोज साबू, विद्यालय के मुख्याध्यापक नवनाथ इंगोले, कर्मशाला के व्यवस्थापकीय अधीक्षक पंकज मुदगल, शिक्षक, कर्मचारी, अभिभावक, दानदाता तथा शहर के अनेक नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे. कार्यक्रम का समापन व्यवस्थापकीय अधीक्षक पंकज मुदगल के सुरमय गीत पर विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों के उत्साहपूर्ण नृत्य के साथ हुआ. कार्यक्रम का संचालन संगीत शिक्षक महेश मैंद ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन मुख्याध्यापक नवनाथ इंगोले ने किया.





