जिंदगी खत्म करने के लिए नदी के बीच जाकर बैठा युवक
लेकिन... मालेगांव में 3 घंटे चला हाई-वोल्टेज रेस्क्यू ऑपरेशन

मालेगांव/दि.27 – पारिवारिक विवाद से परेशान एक युवक ने रविवार रात अपनी जीवनलीला समाप्त करने की कोशिश की. वह मालेगांव स्थित गिरणा नदी के केटी वेयर बांध के बीच पानी के तेज बहाव में जाकर बैठ गया. सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग, आपदा प्रबंधन दल और स्थानीय नागरिक मौके पर पहुंचे. करीब तीन घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
मिली जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान हामिद अंसारी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि पारिवारिक कलह से परेशान होकर वह रात में गिरणा नदी के केटी वेयर बांध पर पहुंचा और पानी के बीच जाकर बैठ गया. इस दौरान उसने चेतावनी दी कि यदि कोई उसके पास आने की कोशिश करेगा तो वह नदी में छलांग लगा देगा.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, अग्निशमन विभाग और आपदा प्रबंधन टीम ने तत्काल मोर्चा संभाला. अधिकारियों ने लगातार युवक को समझाने का प्रयास किया. इसी बीच मीडिया टीम ने भी दूर से बातचीत कर उसका विश्वास जीतने की कोशिश की. शांतिपूर्वक संवाद के बाद युवक बांध के किनारे आने के लिए तैयार हुआ.
युवक के किनारे आने की सहमति मिलते ही आपदा प्रबंधन और अग्निशमन दल के जवान दूसरी ओर से सतर्कता के साथ उसके पास पहुंचे और उसे सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया. इस तरह करीब तीन घंटे तक चले हाई-वोल्टेज रेस्क्यू ऑपरेशन का सफलतापूर्वक समापन हुआ और एक बड़ा हादसा टल गया. रेस्क्यू के बाद हामिद अंसारी को किला पुलिस थाने ले जाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है. अधिकारियों ने बताया कि समय रहते संयम, संवाद और बेहतर समन्वय के कारण एक अनमोल जान बचाई जा सकी.





