मकोका मामले में विभिन्न स्थानों का पंचनामा

साक्ष जुटाने ऑन स्पॉट पहुंची पुलिस

* शहर में अपराधियों पर कसा जा रहा शिकंजा
अमरावती/दि.27 – महाराष्ट्र संघटित अपराध प्रतिबंधक कानून मकोका अंतर्गत बंदी बनाए गए शहर के दो कुख्यात गिरोह के सदस्यों को लेकर खाकी आगे की कार्रवाई भी उतनी ही सिरिअसली और तत्परता से कर रही है. इसी के तहत आज पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर जाकर घटनास्थल का प्रत्यक्ष अवलोकन और पंचनामा किया. इस दौरान वलगांव रोड पर पेट्रोल पंप के पास हुई गोलीबारी की घटना को लेकर मौके पर सीन रिक्रीएट करने की जानकारी है. इस दौरान स्थानीय पुलिस और सुरक्षा बल के जवान बडी संख्या में मौजूद रहे. वहीं आरोपियों को भी पुलिस अपने साथ ले गई थी. आरोपियों का कल 28 जुलाई तक कस्टडी रिमांड लिया गया है.
उल्लेखनीय है कि, मकोका अंतर्गत दो गिरोह पर कार्रवाई की गई है. जिसके बाद लगातार पुलिस उनके संभावित अड्डों की तलाशी लेने के साथ चर्चित वारदातों में घटनास्थल पर जाकर पंचनामा कर रही है. पुलिस सूत्रों ने दावा किया कि, पंचनामा करना जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा है. इससे साक्षों को मजबूत करने में सहायता होने का दावा भी पुलिस ने किया. यहां उल्लेखनीय है कि, आरोपियों को कडे सुरक्षा इंतजामात के साथ वाहनों में मौके पर लाया गया था. वहां भी उनसे संबंधित घटना को लेकर पूछताछ कर घटना के विषय में ब्यौरा लिया गया.
उल्लेखनीय है कि, शहर पुलिस ने अपराधियों को लेकर कडा रुख अपनाते हुए गिरोह के विरुद्ध मकोका की कडी कार्रवाई की है. जिससे आरोपी गिरोह में खलबली मची है. कई नामचीन भूमिगत हो गए है. उसी प्रकार गिरोह की संपत्ति, आर्थिक लेन-देन, अवैध धंधे एवं अन्य नेटवर्क की भी तहकीकात में पुलिस जुटी है. स्पष्ट है कि, पुलिस का लक्ष्य शहर से बदमाशों के गैंग को नेस्तनाबूत करना है. सीपी राकेश ओला ने अपनी पहली-दूसरी प्रेसवार्ता में ही इस आशय के संकेत दिए थे. शहर में बढती हत्या और अन्य आपराधिक घटनाओं के कारण लोगों में कानून व्यवस्था का विश्वास बनाए रखने पुलिस का एक्शन आवश्यक और महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

Back to top button